सोमवार सुबह ओजटू जोहड़ में खेल मैदान मुक्तिधाम के पास गड्ढे में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की दूसरे दिन भी शिनाख्त नहीं हो पाई। शव की शिनाख्त करने के लिए पुलिस ने जिले के अन्य थानों और विभागीय ग्रुप पर 52-55 वर्षीय व्यक्ति के शव की फोटो, हुलिए, कद-काठी और मौके से मिले कपड़ों की जानकारी डाली है। इसके अलावा जिले एवं दूसरे जिलों के सीमावर्ती थानों से गुमशुदगी रिपोर्ट्स की जानकारी भी मांगी गई है।
गौरतलब है कि जोहड़ से मिट्टी लाने गए एक ऊंट गाड़ी मालिक ने नजदीक ही गड्ढे में अधेड़ का अर्धनग्न अवस्था में औंधे मुंह शव पड़ा देख उधर से गुजर रहे ग्रामीणों और मॉर्निंग वॉक से लौट रहे लोगों को इसकी जानकारी दी।
मौके पर शराब की बोतलें और घटनास्थल के नजदीक गाड़ी के टायरों के निशान भी मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला संदिग्ध मानकर एमओबी-एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को बुलवाकर घटनास्थल से साक्ष्य उठवाए। पुलिस सरकारी अस्पताल में रखवाए गए शव का बुधवार को पोस्टमार्टम करवाएगी। डीएसपी सुरेश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों की जानकारी मिलने पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।