झुंझुनूं में शादी करवाने के नाम पर 16 लाख रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित हरियाणा के हँसवास निवासी संदीप राजपूत ने खेतड़ी नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है।
पीड़ित संदीप ने रिपोर्ट में बताया कि पांच अप्रैल 2021 को खेतड़ी के तिहाड़ा निवासी रीना देवी का उसे फोन करके कहा कि उसके पिता किशन सिंह व माता शारदा देवी को उससे कोई जरूरी बात करनी है। जिस के बाद वह किशनसिंह से मिलने आया। मुलाकात के दौरान किशनसिंह ने कहा कि उनकी बेटी रीना के पति की मौत हो गई। इसलिए उसकी दूसरी जगह शादी करना चाहते हैं। अगर आप चाहो तो आपके साथ रीना की शादी कर दें, लेकिन इसके बदले 18 लाख रुपए देने होंगे।
पीड़ित ने बताया कि भाई प्रदीप व चाचा की शादी पहले रीना की बहनों से 2017 में हुई थी। जिसके चलते उनकी बातों पर उसे विश्वास हो गया। इसके बाद 16 लाख रुपए में रिश्ता तय हुआ। कुछ दिनों बाद 14 लाख रुपए नगद व दो लाख रुपए फोनपे से ट्रांसफर कर दिए। शादी के लिए उन्होंने शुभ मुहर्त देख कर सूचना करने की बात कही।
कोरोना का बहाना बनाकर टरकाते रहे
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने शादी 14 मई 2021 आखा तीज को करने की बात कही। शादी की तारीख जैसे ही नजदीक आई तो रीना ने कोरोना महामारी फैलने का बहाना बनाते हुए शादी बाद में करने की बात कही। कुछ दिनों बाद जब वह उनके घर आया तो किशन सिंह व उसकी पत्नी शारदा ने कहा कि शादी रीना को करनी है उसी से बात करो। रीना के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि वह तिहाड़ा गई हुई है। इसके बाद वह तिहाड़ा गया तो वहां रीना ने कहा कि रुपए उसके माता पिता को दिए हैं इसलिए उनसे बात करो। आरोपियों ने ना तो शादी करवाई और ना ही रुपए वापस दे रहे हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।