खेतड़ीनगर। झुंझुनूं जिले की खेतड़ी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत गोठड़ा का वार्ड 41 अजब है। यहां मात्र पांच मतदाता हैं। अब यहां वार्ड पंच का चुनाव होगा। चुनाव के लिए दो महिलाएं आमने-सामने हैं। खास बात यह है कि दोनों ही महिलाएं इस वार्ड की नहीं होकर वार्ड नंबर 51 की रहने वाली हैं।
इस कारण दोनों ही खुद को वोट नहीं दे सकेंगी। अब जिस महिला के तीन मत आ जाएंगे उसी के सिर पर जीत का सेहरा बंध जाएगा। यहां सामान्य महिला की सीट है।एक उम्मीदवार 28 वर्ष की कविता मीणा हिन्दी से एमए उत्तीर्ण है। वह घर पर रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है।
कविता ने बताया, लोकतंत्र की प्रथम सीढ़ी वार्ड पंच होता है राजनीति के माध्यम से विकास के कार्य करवाने के लिए राजनीति में आ रही है। दूसरी उम्मीदवार 26 वर्ष की सुशीला सैनी है। सुशीला ने एमए व बीएड की डिग्री ले रखी है। वह भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। उसने बताया कि सरकारी सुविधाएं जनता को दिलाने के लिए चुनाव लड़ रही है। यहां मतदान 28 सितम्बर को है। वार्ड में कुल पांच मतदाता हैं, जिनमें तीन महिलाएं व दो पुरूष हैं। दो महिला मतदाता सगी बहनें है।
यह हैं पांच मतदाता
1 वर्षा पुत्री उमेश सिंह
2 शीतल पुत्री उमेश सिंह
3 रेखा रानी पुत्री हंसराज
4 हंसराज पुत्र प्यारेलाल
5 आनंद कुमार गुप्ता पुत्र जयशंकर प्रसाद गुप्ता
सास-बहू आमने-सामने
त्यौन्दा ग्राम पंचायत में नाम वापसी के पश्चात 9 प्रत्याशी मैदान में रह गए। सामान्य महिला पद के लिए आरक्षित इस ग्राम पंचायत के पद पर चुनाव लड़ रही सास—बहू विशेष चर्चा में है। इस सीट पर पूर्व सरपंच अलबाद सिंह की पत्नी उगम कंवर व उनके भतीजे नरपालसिंह की पत्नी संगीता कंवर आमने—सामने है। वहीं गाइराटा ग्राम पंचायत चुनाव में 9 प्रत्याशी मैदान में है। इनमें दो पूर्व संरपंचों सुनीता गुर्जर व संतोष सैनी दोबारा सामने—सामने हैं। संतोश सैनी पूर्व में दो बार गाइराटा ग्राम पंचायत की सरपंच रह चुकी है। संतोष सैनी पूर्व विधायक पूरणमल सैनी की पत्नी है।