प्रशासन गांव के संग अभियान में सौंपा 2 लाख क्लैम का चैक
झुंझुनूं, 6 अक्टूबर। चिड़ावा पंचायत समिति की अरड़ावता ग्राम पंचायत में बुधवार को आयोजित प्रशासन गांव के संग अभियान के शिविर में राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की शाखा अरड़ावता द्वारा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मृतक जमाकर्ता पूनम के लाभार्थी नाहर सिंह को 2 लाख रुपए के क्लैम का चैक पिलानी विधायक जे.पी. चंदेलिया, चिड़ावा उपखंड अधिकारी संदीप चौधरी, चिड़ावा पंचायत समिति प्रधान इंदिरा डूडी की मौजूदगी में बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक योगेश शर्मा ने सौंपा। इस मौके पर शर्मा ने कहा कि हम खोए परिजन को तो वापस नहीं ला सकते, लेकिन विभिन्न योजनाओं के जरिए परिवार को संबल प्रदान करने में अपना योगदान दे सकते हैं। इस मौके पर नाहर सिंह ने राज्य सरकार का प्रशासन गांव के संग अभियान लगाने के लिए आभार भी जताया। गौरतलब है कि राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक एक मात्र बैंक है, जिसमें राजस्थान सरकार की भी हिस्सेदारी है।
