महिला आयोग की अध्यक्ष ने किया महिला थाने का निरीक्षण: बोलीं- गांव-गांव जाकर करेंगे जनसुनवाई, महिलाओं को दिलाएंगे त्वरित न्याय

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now
सिरोही

रेहाना रियाज ने एसपी ममता गुप्ता से चर्चा कर अलग-अलग मामलों की जानकारी लेते हुए महिला सुरक्षा और महिलाओं को त्वरित न्याय दिलवाने के निर्देश दिए।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेहाना रियाज बुधवार को सिरोही के दौरे पर पहुंची। यहां उन्होंने महिला पुलिस थाने का निरीक्षण किया और थाने में दर्ज महिला उत्पीड़न के मामलों से संबंधित जानकारी ली। रेहाना रियाज ने एसपी ममता गुप्ता से चर्चा कर अलग-अलग मामलों की जानकारी लेते हुए महिला सुरक्षा और महिलाओं को त्वरित न्याय दिलवाने के निर्देश दिए। महिला आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि महिला आयोग त्वरित न्याय के लिए काम कर रहा है। इसके लिए जयपुर में आयोग के ऑफिस में मंगलवार और बुधवार (दो दिन) जनसुनवाई होती है। इसके अलावा जिलों में भी लोगों के बीच जाकर जनसुनवाई कर रहे हैं।

महिला आयोग की अध्यक्ष रेहान रियाज ने थाने के निरीक्षण के बाद बताया कि प्रदेश में महिला सुरक्षा और महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए काम किए जा रहे हैं। इस दौरान 3 जुलाई को सिरोही अस्पताल में नौकरी का झांसा देकर एक युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना के सवाल पर रेहाना रियाज ने कहा कि उनको घटना की जानकारी नहीं थी। अब जानकारी मिली है तो घटना का संज्ञान लेकर पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कार्रवाई की जाएगी। अनादरा थाना क्षेत्र के उड़वारिया और तेलपी खेड़ा के बीच रास्ते में फरवरी महीने में अधजली अवस्था में मिली एक महिला की लाश की अभी तक शिनाख्त नहीं होने के सवाल पर भी अध्यक्ष ने अनभिज्ञता जताई और कहा कि इसकी जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।

रेहाना रियाज ने माउंट आबू प्रशासन के रवैये से परेशान महिला उद्यमी मंजू गुरबानी के अनशन को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि वह गुरुवार को माउंट आबू में जनसुनवाई कार्यक्रम करेगी। अगर महिला उद्यमी को उपखंड प्रशासन से परेशानी हैं, तो वह जनसुनवाई में आकर अपनी समस्या बता सकती है। उनको प्राथमिकता के आधार पर न्याय दिलवाना महिला आयोग का कर्तव्य है। इस दौरान महिला आयोग की अध्यक्ष के साथ आयोग की सदस्य सुमन यादव, अंजना मेघवाल और सुमित्रा जैन साथ मौजूद रहीं।