झुंझुनूं में एक लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित कोर्ट पहुंचा। यहां कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला जिले के सूरजगढ़ थाने के अगवाना खुर्द का है। थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया की थाना इलाके के अगवाना खुर्द निवासी संजय शर्मा (32) ने बताया कि उसके मामा ने शादी करवाने का झांसा दिया। मामा चिड़ावा हाल जयपुर निवासी शिव कुमार शर्मा ने उसे शादी करवाने का झांसा दिया और 17 अप्रैल 2022 को फोन कर जयपुर बुलाया। कहा कि एक लाख रुपए नगद दे दो, मैं तुम्हारी शादी करवा दूंगा। उसके बाद पीड़ित संजय और उसका बहनोई 22 अप्रैल 2022 को मामा शिव कुमार शर्मा के पास जयपुर पहुंचे। जयपुर में उन्हें सुरेश, मीना और विजय से मिलवाया। उन लोगों ने बताया कि दुल्हन महराजगंज यूपी में है। संजय ने बताया की वह और उसके जीजा आरोपियों के साथ किराए की गाड़ी लेकर 25 अप्रैल 2022 को यूपी के महराजगंज पहुंचे। यहां लड़की दिखाई और बोला कि इसी से शादी होगी। इस पर 1 लाख रुपए मांगे तो मामा को रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसी दिन वरमाला और दूसरे फंक्शन करवा शादी करवा दी। थोड़ी देर बाद बताया की तुम अपने जीजा के साथ आराम करो हम अभी आ रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि वह को भी ले गए। चार-पांच घंटे तक वे नहीं आए तो उसने अपने मामा को फोन लगाया तो वो बंद आया। थाना अधिकारी ने बताया की संजय की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी गई है। पीडि़त संजय ने बताया कि दुल्हन नहीं आई। इतना ही नहीं गाड़ी वाले को भी 60 हजार रुपए का पेमेंट कर दिया। 28 अप्रैल को गांव पहुंचे। उसी दिन सूरजगढ़ थाने में रिपोर्ट पेश की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 4 मई 2022 को एसपी को भी शिकायत की। सुनवाई नहीं होने पर मंगलवार को कोर्ट पहुंचे। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शाम 5 बजे मामल दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शादी के चार माह बाद 70 हजार लेकर दुल्हन फरार
इधर, सूरजगढ़ थाने में एक और ऐसा ही मामला सामने आया है। थाना इलाके के महपालवास से एक दुल्हन 70 हजार और जेवरात लेकर फरार हो गई। कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज किया गया। महपालवास निवासी सुशीला प्रजापत ने अपने बेटे सोनू की शादी करवाने के लिए गांव के ही कश्मीर मेघवाल को एक लाख 60 हजार रुपए दिए थे। इसके बाद कश्मीर मेघवाल फरवरी 2022 में सोनू को हिसार ले गया। वहां पर छापरा पाटन निवासी निरमा से शादी करवा दी। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। इसके बाद 9 जून को कश्मीर उसको अपने पीहर मिलाकर लाने के लिए ले गया। अब सामने आया कि निरमा ने खेडला गांव में कश्मीर मेघवाल के साले विनोद के साथ शादी कर ली है। पेट में पल रहे बच्चे की सफाई करवा दी गई। कोर्ट के आदेश पर कश्मीर मेघवाल, निरमा, विनोद के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है।