केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कोरोना वैक्सीन को लेकर अच्छी खबर दी है। उन्होंने कहा कि अगले साल यानी 2021 के पहले तीन महीने में वैक्सीन आ सकती है। हालांकि, अभी कोई डेट देना मुमकिन नहीं होगा। डॉ. हर्षवर्धन ने सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स के सवालों के जवाब में कहा कि एक बार वैक्सीन आने के बाद सरकार का पूरा फोकस हाई रिस्क वालों पर होगा। इनमें पहले से बीमार लोग, बुजुर्ग शामिल हैं। इन्हें सबसे पहले वैक्सीन दी जाएगी।
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि वैक्सीन एडमिनिस्ट्रेशन को लेकर बनी नेशनल एक्सपर्ट कमेटी प्लान बना रही है, जिससे वैक्सीन को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि वैक्सीन तैयार करने में सभी तरह की सावधानी बरती जा रही है। इसके बावजूद अगर किसी को विश्वास की कमी है तो वह खुशी-खुशी वैक्सीन का पहला डोज लगवाने के लिए तैयार हैं।
इस बीच, देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 47 लाख 88 हजार 484 हो गया है। राहत की बात यह है कि इनमें 37 लाख 30 हजार 894 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9 लाख 77 हजार 989 मरीजों का इलाज अभी चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 78 हजार 930 मरीजों की मौत हो चुकी है।
राजस्थान
राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख को पार कर गई। इनमें 82 हजार से ज्यादा मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस सिर्फ17 हजार के करीब हैं। इनमें से 9652 संक्रमित प्रवासी राजस्थानी हैं, जो कि विदेशों से राजस्थान पहुंचे थे। कोरोना के कारण रविवार सुबह तक प्रदेश में कुल मृतकों का आंकड़ा 1228 पर पहुंच गया।