महिला के बैंक खाते में आए ₹10 करोड़, मैसेज देख उड़े होश; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक साधारण महिला रातों-रात “करोड़पति” बन गई। बिछवा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला के बैंक खाते में अचानक लगभग 10 करोड़ रुपये आने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
एटीएम चेक करते ही फटी रह गईं आँखें
महिला का खाता बैंक ऑफ इंडिया की सुल्तानगंज शाखा में है। जैसे ही महिला के मोबाइल पर बैंक का मैसेज आया, वह उसे देखकर दंग रह गई। शक होने पर जब महिला ने एटीएम जाकर अपना बैलेंस चेक किया, तो वहां रसीद और स्क्रीन पर करोड़ों की धनराशि देखकर उसके होश उड़ गए।
वायरल हुआ बैलेंस चेक करने का वीडियो
हैरानी और घबराहट के बीच महिला ने एटीएम के अंदर अपना बैलेंस चेक करते हुए मोबाइल से एक वीडियो भी बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देख लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
जांच में जुटा बैंक प्रशासन
इतनी बड़ी रकम खाते में कहाँ से आई, यह अभी भी एक रहस्य बना हुआ है। मामला संज्ञान में आते ही बैंक के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। बैंक इस बात की पड़ताल कर रहा है कि यह कोई तकनीकी खराबी है या किसी अन्य स्रोत से पैसा ट्रांसफर हुआ है। फिलहाल, सुरक्षा के लिहाज से खाते की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
