REET Exam 2025: राजस्थान शिक्षक पात्रता- रीट परीक्षा जनवरी में होगी आयोजित, नए पैटर्न के साथ होंगे कई बदलाव

REET Exam Update: राजस्थान के लाखों बेरोजगार अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म होने वाला है। राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा 2025 (REET Exam) का आयोजन जनवरी के दूसरे सप्ताह में किया जाएगा। रीट परीक्षा की तैयारियों के संबंध में शिक्षा विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल की अध्यक्षता में गुरूवार को शिक्षा संकुल में बैठक आयोजित हुई।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

इस बार हुए ये बदलाव


रीट परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल ने बताया कि परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार आयोजित होने वाली परीक्षा में कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि रीट परीक्षा में आरपीएससी और कर्मचारी चयन बोर्ड के साथ-साथ नीट के नवाचारों को भी शामिल किया जाएगा। विभाग एजेंसी के साथ मिलकर सुरक्षित एग्जाम करवाएगा।

गौरतलब है कि अध्यापक लेवल-1 एवं लेवल-2 की पात्रता के लिए रीट परीक्षा आयोजन के लिए नोडल एजेंसी माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान रहेगा तथा फीस पहले जैसी ही रहेगी। परीक्षा पास करने के लिए न्यूनतम अंक अपडेट करने तथा परीक्षा में 5वां विकल्प भी शामिल करने का निर्णय लिया गया। परीक्षा की संभावित तिथि जनवरी 2025 के दूसरे पखवाड़े में होगी।

परीक्षा में मिलेंगे पांच ऑप्शन


शासन सचिव कृष्ण कुणाल ने बताया कि अब इस परीक्षा में स्टूडेंट्स को पांच ऑप्शन दिए जाएंगे। इस प्रणाली को इस परीक्षा में शामिल किया गया है, जिसमें पांचों ऑप्शन में से एक को भरना जरूरी होगा। ऐसा नहीं करने पर स्टूडेंट्स की माइनस मार्किंग का भी प्रावधान रखा गया है।

ओएमआर शीट में बदलाव

कृष्ण कुणाल ने यह भी जानकारी दी कि अब ओएमआर शीट पर अभ्यर्थी के रोल नंबर के साथ उसकी फोटो लगाने पर विचार किया जा रहा है. यह बदलाव परीक्षा में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए किया जाएगा. इस पर फाइनल फैसला जल्द ही लिया जाएगा. हर साल रीट एग्जाम में लाखों उम्मीदवार शामिल होते हैं. राजस्थान में टीचर भर्ती के लिए होने वाली सबसे बड़ी परीक्षा है. जल्द ही नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा.