International Women’s Day पत्नी ने पति को प्रेमिका के साथ पकड़ा, महिला दिवस पर हाईवोल्टेज ड्रामा; वीडियो वायरल
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर शहर में महिला दिवस के दिन पति-पत्नी के विवाद का एक हाईवोल्टेज ड्रामा सामने आया, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया। बताया जा रहा है कि एक महिला ने अपने पति को कथित तौर पर उसकी प्रेमिका के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसके बाद मौके पर जमकर हंगामा हो गया।
जानकारी के अनुसार उदय सिंह परिहार की पत्नी हेमा परिहार अचानक अपने पति के घर पहुंच गई। वहां पहुंचने पर उसने अपने पति को एक अन्य महिला के साथ संदिग्ध हालात में देख लिया। यह नजारा देखते ही हेमा परिहार का गुस्सा फूट पड़ा और घर के अंदर व बाहर जमकर हंगामा शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप भी हुए, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई।
सूत्रों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है और दोनों के बीच तलाक का मामला पहले से ही कोर्ट में विचाराधीन है। इसी बीच महिला को अपने पति के दूसरी महिला के साथ होने की जानकारी मिली, जिसके बाद वह मौके पर पहुंच गई और विवाद खुलकर सामने आ गया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घर के बाहर और अंदर हुए विवाद तथा हंगामे के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलने पर माता का थान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शांति भंग की आशंका के तहत हंगामा कर रही पत्नी हेमा परिहार को दस्तयाब कर लिया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पहले से ही कोर्ट में तलाक का मामला भी चल रहा है।
वहीं पीड़िता की बहन रुमा ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति पर व्यभिचार का आरोप है, उसके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पीड़िता के खिलाफ ही कार्रवाई की गई।
