Panchayati Chunav 150 बैलेट पेपर गायब होने के बाद भावी पंचायत का चुनाव स्थगित, अब 2 नवंबर को होगी री-पोलिंग

Panchayati Election 150 बैलेट पेपर गायब होने के बाद भावी पंचायत का चुनाव स्थगित, अब 2 नवंबर को 7 बूथों पर होगी री-पोलिंग

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

जोधपुर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के दौरान जोधपुर जिले की भावी ग्राम पंचायत में बैलेट पेपर गायब होने का मामला सामने आने के बाद चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। बिलाड़ा तहसील की भावी ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान करीब 150 बैलेट पेपर गायब होने और उन पर पहले से मुहर लगे होने के विवाद के बाद निर्वाचन विभाग ने पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया है। अब 2 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 09 से 15 तक दोबारा मतदान कराया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन ने पुनर्मतदान की घोषणा करते हुए बताया कि 2 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद उसी दिन मतगणना भी कराई जाएगी। इसके बाद 3 नवंबर को उपसरपंच पद का निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा।

नाश्ता देने की आड़ में मतदान केंद्र से ले गए 150 बैलेट पेपर

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 30 अक्टूबर को राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के तहत मतदान कराया जा रहा था। इसी दौरान बिलाड़ा तहसील की भावी ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 12 पर कुछ लोग नाश्ता देने की आड़ में अंदर घुस गए।



आरोप है कि इस दौरान वे करीब 100- 150 बैलेट पेपर लेकर वहां से चले गए। कुछ देर बाद वापस लौटकर इन बैलेट पेपर को जबरन मतपेटी में डालने का प्रयास किया। बाद में वे बैलेट पेपर मतदान केंद्र की टेबल पर फेंककर भाग गए।

बैलेट पेपर पर पहले से लगी मिली एक प्रत्याशी के पक्ष में मुहर

घटना के बाद मतदान केंद्र पर हड़कंप मच गया। सामने आए बैलेट पेपर पर एक ही प्रत्याशी के नाम के आगे मुहर लगी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रिटर्निंग ऑफिसर ने मतदान प्रक्रिया रुकवा दी और प्रशासन को सूचना दी।

इस घटना के चलते मतदान प्रभावित हुआ। जिला प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए मतदान प्रक्रिया को पूर्ण नहीं माना और निर्वाचन विभाग ने संबंधित मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया।

2 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान

जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन की घोषणा के अनुसार भावी ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 09, 10, 11, 12, 13, 14 और 15 पर 2 नवंबर को दोबारा मतदान होगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार:

– पुनर्मतदान की तारीख: 2 नवंबर 2026
– मतदान का समय: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
– मतदान केंद्र: संख्या 09 से 15 तक
– मतगणना: मतदान समाप्ति के तुरंत बाद 2 नवंबर को
– उपसरपंच चुनाव: 3 नवंबर 2026

इस घटनाक्रम के बाद भावी ग्राम पंचायत में सरपंच और वार्ड पंच पदों के चुनाव की प्रक्रिया अब पुनर्मतदान के जरिए पूरी कराई जाएगी।