झुंझुनूं में पंचायत चुनाव के दौरान खूनी संघर्ष, एक व्यक्ति की हत्या, दो घायल; गाड़ियों में तोड़फोड़ से गांव में तनाव
Jhunjhunu News : राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के बीच झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ क्षेत्र से हिंसक संघर्ष की खबर सामने आई है। देलसर गांव में सरपंच चुनाव को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में एक व्यक्ति की हत्या होने तथा दो लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, कई अन्य ग्रामीणों को भी चोटें आई हैं।
सरपंच चुनाव की रंजिश में दो पक्षों के बीच संघर्ष
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव में सरपंच चुनाव को लेकर दो धड़ों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान हुई मारपीट में एक व्यक्ति की जान चली गई, मृतक पंजाब का निवासी बताया जा रहा है जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
घटना में कई अन्य ग्रामीणों को भी चोटें आने की जानकारी सामने आई है। संघर्ष के दौरान कुछ वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।
झुंझुनूं जिला अस्पताल में रखवाया मृतक का शव
घटना के बाद मृतक के शव को झुंझुनूं जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाए जाने की सूचना है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
गांव में तनाव, पुलिस प्रशासन की नजर
चुनावी रंजिश को लेकर हुई इस हिंसक घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बताई जा रही है। घटना के कारणों और विवाद में शामिल लोगों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम, विवाद की वास्तविक वजह और जिम्मेदार लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
झुंझुनूं जिले में पंचायत चुनाव के बीच हुई इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी रंजिश और आपसी विवादों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
