चिड़ावा में ACB की कार्रवाई नाकाम, रिश्वतखोर पुलिसकर्मी गाड़ी लेकर फरार, एक जवान घायल
चिड़ावा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की एक बड़ी कार्रवाई उस वक्त विफल हो गई, जब घूसखोरी के आरोप में पकड़े जाने वाला पुलिसकर्मी टीम को चकमा देकर फरार हो गया।
परिवादी ने 30 मार्च को एसीबी में शिकायत दी थी कि पुलिस थाना चिड़ावा के कांस्टेबल चालक अनिल कुमार ने उसकी सूखी लकड़ी से भरी पिकअप को छोड़ने की एवज में 10 हजार रुपए ले लिए। अब वह छह हजार रुपए और मांग रहा है। शिकायत का सत्यापन करवाने के दौरान आरोपी 3 हजार रिश्वत ले ली। बाकी रकम शुक्रवार को देना तय हुआ था। एसीबी टीम ने जाल बिछाया।
आरोपी ने परिवादी से तीन हजार रुपए ले लिए, जैसे ही इशारा मिलने पर एसीबी ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने पुलिस जीप को तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए एसीबी टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया। इस दौरान उसे रोकने के चक्कर में एसीबी कांस्टेबल लक्ष्मी नारायण गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल जवान को तुरंत चिड़ावा के बीडीके अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
