कलेक्ट्रेट में स्थापित हुई महात्मा गांधी की कास्य प्रतिमा
6.5 फुट के चबूतरे पर 3.5 फीट की लगी कांस्य प्रतिमा

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया वर्चुअल लोकार्पण
झुंझुनूं, 30 जनवरी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि रविवार को ‘‘ शहीद दिवस‘‘ के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर कलेक्टे्रट परिसर में जिला एवं सेशन न्यायालय के सामने महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा का वर्चुअल रूप से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री निवास से प्रारम्भ हुए इस आयोजन में कला एवं संस्कृति विभाग मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, राज्य मंत्री जाहिदा खान, परिवहन राज्य मंत्री बृजेन्द्र ओला, शांति समिति एवं अहिंसा निदेशालय के निदेशक मनीष कुमार शर्मा, विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़, गांधी शांति प्रतिष्ठान नई दिल्ली के अध्यक्ष कुमार प्रशांत सहित अन्य गणमान्यजन वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे। झुंझुनू कलेक्टे्रट सभागार में जिला कलक्टर लक्ष्मण सिंह कुड़ी, सभापति नगमा बानो, गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक धर्मवीर कटेवा, सहसंयोजक मुरारी सैनी, अतिरिक्त जिला कलक्टर जगदीश प्रसाद गौड़, डीएफओ आर.के. हुड्डा, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विप्लव न्यौला, गणेशदत शर्मा, राजन चौधरी, विमला बेनीवाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। वर्चुअल रूप से समारोह में जुड़े परिवहन राज्य मंत्री बृजेन्द्र ओला ने कहा कि कलेक्टे्रट में जो यह प्रतिमा लगी है उसका अलग ही महत्व होगा। यह जिले के लिए गांधीजी के प्रति चिरस्थाई याद होगी। उन्होंने गांधी जी के सिद्वांत ‘‘साधन व साध्य पवित्र होने चाहिए‘‘ का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि भारत देश के अलावा 80 अन्य देशों में भी महात्मा गांधी की प्रतिमा लगी हुई है, जो बहुत बड़ी बात है। उन्होंने बताया कि गांधी जी ने यह दिखाया कि अहिंसा से भी आंदोलनों में विजय हासिल की जा सकती है।
वी.सी. के दौरान संयोजक धर्मवीर कटेवा ने अपने निजी अनुभव बताते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की गांधी जी के प्रति आस्था का जिक्र किया। उन्होंने कांस्य प्रतिमा की स्थापना के लिए जिला प्रशासन, नगर परिषद एवं मुरारी सैनी का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के सहयोग से कार्य करने का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने इस दौरान झुंझुनू जिले की शांति एवं सदभावना की मिसाल की भी चर्चा की। सभापति नगमा बानो ने बताया कि प्रतिमा के लिए नगर परिषद की ओर से 4 लाख रूपये व्यय कर प्लेटफार्म तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त जिला मुख्यालय की तीन इंदिरा रसोई में नगर परिषद की ओर से गांधी दर्शन वाचनालय स्थापित है। गांधी पार्क एवं शहीद पार्क का नवीनीकरण किया जा रहा है, ताकि गांधी जी के सिद्वांतों से लोगों को रूबरू करवाया जा सकें। वीसी के माध्यम से राजस्थान संस्कृत अकादमी द्वारा निर्मित ‘‘ वैष्णव - जन तो तेने कहिए‘‘ भजन के संस्कृत- हिन्दी संस्करण का लोकार्पण एवं भारतीय ज्ञान विज्ञान पर आधारित त्रैमासिक पत्रिका ‘‘ स्वरमंगला‘‘ के विशेषांक का लोकार्पण किया। इस दौरान स्व. भाई जी द्वारा प्रदत्त प्रख्यात गांधीवादी विचारक डॉ. एस.एन. सुब्बाराय का अंतिम आधिकारिक विशिष्ट व्याख्यान भी प्रचारित किया गया। इस दौरान गांधी शांति प्रतिष्ठान नई दिल्ली के अध्यक्ष कुमार प्रशांत ने ‘‘ विश्व के गांधी‘‘ विषय पर अपना विशिष्ट व्याख्यान दिया। समारोह के बाद जिला स्तर पर उपस्थित अतिथियों की ओर से परिसर में स्थापित हुई प्रतिमा का लोकार्पण कर पुष्प अर्पित किए।