पत्नी की मौत के दो घंटे बाद पति ने किया सुसाइड, नवलगढ़ में दर्दनाक घटना
झुंझुनूं जिले के पदमपुरा गांव में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां मामूली विवाद और क्षणिक आवेश ने एक हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। आपसी अनबन के बाद एक विवाहिता ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, वहीं पत्नी की मौत की खबर सुनकर पति ने भी ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार पदमपुरा निवासी सचिन कांटीवाल की शादी 10 मई 2024 को खींवासर निवासी भारती के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक शनिवार सुबह सचिन जयपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसी दौरान घर पर मौजूद भारती ने अपने कमरे में खुद को बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। अंदर भारती मृत अवस्था में मिली।
इधर, जयपुर जा रहे सचिन को जैसे ही पत्नी की मौत की सूचना मिली, वह गहरे सदमे में आ गया। बताया जा रहा है कि उसने नवलगढ़ के दुर्जनपुरा अंडरपास के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। एक छोटी सी कहासुनी ने दो जिंदगियां छीन लीं और परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
