Police Raid फ्लैट्स में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 100 से अधिक जवानों ने मारा छापा
सीकर शहर के नवलगढ़ रोड स्थित C फ्लैट्स में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सघन रेड डाली। इस ऑपरेशन में करीब 100 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई, वहीं संदिग्ध प्रतीत होने वाले कई फ्लैट्स की तलाशी भी ली गई।
यह रेड एएसपी डॉ. तेजपाल सिंह और सीओ सिटी संदीप चौधरी के नेतृत्व में की गई, जिसमें तीन थानों का जाब्ता मौके पर मौजूद रहा। पुलिस ने क्षेत्र में रह रहे किरायेदारों की जांच करते हुए दस्तावेजों की पड़ताल की।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए किरायेदारों का पुलिस वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य है। बिना वेरिफिकेशन के रह रहे किरायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में सुरक्षा को लेकर जागरूकता भी बढ़ी
कई फ्लैट्स में बड़ी संख्या में मिले लड़के
आज पुलिस को रेड के दौरान कई फ्लैटों में आधा दर्जन तक लड़के मिले। इनमें किराए पर तो केवल एक से दो लोग ही रहते थे। लेकिन बाकी लोग बिना पहचान के यहां पर थे। पुलिस ने सभी से पूछताछ की और डॉक्यूमेंट चेक किए।
