झुंझुनूं में सनसनी: रिटायर्ड फौजी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी अकरम फरार, गांव में तनाव
झुंझुनूं के बामनवास गांव में रिटायर्ड फौजी उदयवीर सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी अकरम फरार है, पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर तलाश शुरू कर दी है।

झुंझुनूं: जिले के चिड़ावा थाना क्षेत्र के बामनवास गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक रिटायर्ड फौजी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है और पुलिस ने क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बामनवास गांव निवासी रिटायर्ड फौजी उदयवीर सिंह और एक युवक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने गुस्से में आकर उदयवीर सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में गांव के ही युवक अकरम पर हत्या का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एडिशनल एसपी देवेंद्र सिंह राजावत, चिड़ावा डीएसपी विकास धींधवाल, सूरजगढ़ सीआई रणजीत सिंह सेवदा और पिलानी सीआई चंद्रभान सहित कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बामनवास गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही चिड़ावा, सूरजगढ़ और पिलानी सहित आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
मृतक का शव चिड़ावा के राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
