कैंपर सवार बदमाशों ने स्कॉर्पियो में सवार लोगों पर किया हमला
झुंझुनूं: गुढ़ा कस्बे में बावलिया बाबा मंदिर के पास दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात हुई। एक कैंपर वैन में सवार होकर आए बदमाशों ने स्कॉर्पियो गाड़ी को रोककर उस पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने लोहे की सरियों से स्कॉर्पियो के शीशे फोड़ दिए और गाड़ी में बैठे लोगों पर ताबड़तोड़ हमला किया।
इस हमले में गुढ़ा निवासी करण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया है। चश्मदीदों के अनुसार, हमलावरों ने मौके पर कोई चेतावनी दिए बिना वारदात को अंजाम दिया और फिर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही गुढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
