राष्ट्रीय बालिका दिवस पर झुंझुनूं में महिला अधिकारिता विभाग ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है।
अब रोडवेज की बसों में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों पर एक विशेष कलर का कवर लगाया गया है। इसके साथ ही बसों में खास तरीके के बॉक्स लगाए गए हैं, जिनमें निशुल्क रूप से सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध रहेंगे। कलेक्टर लक्ष्मण सिंह कुड़ी ने सोमवार को इस अभियान की शुरुआत की है। रोडवेज बसों में महिला सीट को अलग पहचान देने के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और उड़ान योजना के लोगो लगे सीट कवर लगाए गए हैं।
झुंझुनूं आगार की सभी बसों में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों को गुलाबी कर दिया गया है।
महिला अधिकारिता विभाग के डिप्टी डायरेक्टर विप्लव न्यौला ने बताया कि इमरजेंसी स्थिति में महिलाओं को बसों में सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध करवाने के लिए फर्स्ट एड बॉक्स में फ्री सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध करवाए गए है। झुंझुनूं डिपो की सभी 131 बसों में यह बॉक्स उपलब्ध करवाए गए हैं। वहीं रोडवेज डिपो के सभी शौचालयों में भी महिला अधिकारिता विभाग की ओर से सैनिटरी नैपकिन के लिए बॉक्स लगाए गए हैं। यहां भी जरूरतमंद महिलाओं को निशुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध होंगे।