गुरु पूर्णिमा पर शिष्यों का तांता: आश्रम और मठों में पहुंचकर शिष्यों ने लगाई धोक, नारियल और पुष्प गुरु को किए अर्पित

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

बुधवार को बीकानेर में गुरु पूर्णिमा पर मंदिरों, आश्रमों व मठों में भक्तों की भारी भीड़ रही, वहीं शिष्यों ने अपने गुरुजनों के घर पहुंचकर चरण वंदन किया। इस दौरान शिष्यों ने गुरुजनों को नारियल और पुष्प अर्पित करते हुए आशीर्वाद लिया। इस दौरान शहर के अखाड़ों में भी पहलवानों ने अपने गुरुजनों का आशीष लिया। शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने यहां मंदिर में विशेष पूजन किया और लक्ष्मीनाथ मंदिर में विकास कार्यों की घोषणा की।

गुरु पूर्णिमा पर शिवबाड़ी स्थित लालेश्वर महादेव मंदिर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां संवित् सोमगिरी महाराज की समाधि पर पुष्प और नारियल अर्पित किए। इस मौके पर महंत विमर्शानन्दजी महाराज ने शिष्यों को उद्बोधन दिया। वहीं देवीकुंड सागर स्थित श्रीराम लक्ष्मण भजनाश्रम में श्रीधरानन्दजी सरस्वती महाराज के प्रति शिष्यों ने आदरभाव प्रस्तुत किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रीधरानन्दजी सरस्वती महाराज के ललाट और अंगूठे पर तिलत करके आशीष लिया। बड़ी संख्या में शिष्यों ने नारियल भेंट किया। नवलगिरी मठ में भी विशेष आयोजन हुआ। शिव शक्ति साधना पीठ में मनमोहन किराडू को उनके शिष्यों ने याद किया। इस मौके पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। बजरंग धोरे पर भी गुरु पूर्णिमा पर आयोजन हुआ। इस मौके पर यहां भी भक्तों ने गुरुजी को याद किया।

इस मौके पर शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने रंगोलाई महादेव मंदिर में विशेष पूजन किया। डॉ. कल्ला ने लक्ष्मीनाथ मंदिर का भी भ्रमण किया। उन्होंने मंदिर परिसर में टिनशेड लगवाने का वादा किया। इस दौरान मंदिर के आसपास भी काम करवाने का आश्वासन दिया।