15 साल की छात्रा की हत्या: घर से 1 किमी दूर झाड़ियों में मिला शव, गले पर चोट के निशान
चूरू जिले के बीदासर इलाके में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। शौच के लिए घर से निकली 15 साल की दसवीं कक्षा की छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बीहड़नुमा झाड़ियों में मिला। गले पर चोट के गहरे निशान मिलने के बाद पुलिस ने इसे हत्या मानते हुए जांच तेज कर दी है।
सुबह घर से निकली, देर तक नहीं लौटी
जानकारी के अनुसार छात्रा सुबह लगभग 6:15 बजे शौच के लिए घर से निकली थी। कई घंटों बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान घर से लगभग 1 किलोमीटर दूर झाड़ियों में उसका शव पड़ा मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस और FSL टीम ने जुटाए सबूत
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एएसपी सुजानगढ़ दिनेश कुमार, थानाधिकारी दिलीप सिंह और FSL टीम पहुँची।
टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में गले पर लगी चोटें हत्या की ओर संकेत करती हैं।
परिवार गमगीन, छात्रा थी पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर की
मृतका अपने परिवार में पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। अचानक हुए इस हादसे से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
शव मॉर्च्यूरी में रखवाया, पोस्टमॉर्टम के बाद खुलेगा राज
पुलिस ने छात्रा के शव को सरकारी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में सुरक्षित रखवाया है और मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और घटना के समय को लेकर और जानकारी सामने आएगी।
पुलिस आसपास के इलाकों की जांच कर रही है और जल्द ही वारदात का खुलासा करने की बात कह रही है।
