नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर हड़पे रुपये और जेवर

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर हड़पे रुपये और जेवर

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

झुंझुनूं : पुलिस थाना धनूरी की टीम ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के गंभीर मामले में आरोपी मोहम्मद तालिब उर्फ तालिम को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई थानाधिकारी संजय गौतम (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी पिछले करीब दो से तीन वर्षों से उसके साथ गलत काम कर रहा था। आरोपी ने पीड़िता के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और इसी दबाव में उससे नकदी और जेवरात हड़प लिए।

शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने पीड़िता से करीब 45 हजार रुपये नकद, एक सोने का गलपटीया, सोने का मांग टीका, चांदी की पायल की एक जोड़ी तथा एक सोने की अंगूठी अपने कब्जे में ले ली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पीड़िता का मेडिकल बोर्ड से मेडिकल परीक्षण कराया गया और मामले का गहन अनुसंधान शुरू किया गया। जांच के दौरान आरोपी मोहम्मद तालिब उर्फ तालिम के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। मुखबिर की सूचना और पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद तालिब उर्फ तालिम पुत्र बिलाल खान, उम्र 25 वर्ष, निवासी डाबड़ी धीरसिंह, थाना धनूरी के रूप में हुई है।

थानाधिकारी संजय गौतम ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई कर रही है और प्रकरण में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने पीड़िता को कब से ब्लैकमेल करना शुरू किया और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।