65 लाख की नकली नोटों की खेप के साथ दो गिरफ्तार, 13 हजार के असली नोटों से रचा गया 65 लाख का खेल
बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो नकली नोटों की गड्डियों के जरिए लोगों को लाखों रुपये की ठगी का शिकार बनाने की तैयारी में था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 65 लाख रुपये की दिखने वाली नकली नोटों की गड्डियां बरामद की हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर पुलिस को मिली सफलता
जानकारी के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस की टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-11 स्थित सर्किल क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। कार में रखे नोटों के बंडलों को देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए, क्योंकि पहली नजर में सभी गड्डियां बिल्कुल असली लग रही थीं।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार में सवार जैतासर निवासी ओमप्रकाश और धोलिया निवासी महेंद्र उर्फ सीताराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों के कब्जे से 500-500 रुपये के नोटों के कुल 13 बंडल बरामद किए गए।
ऐसे किया जा रहा था ठगी का खेल
थानाधिकारी कश्यप सिंह के अनुसार जब बरामद गड्डियों की थाने में बारीकी से जांच की गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। प्रत्येक बंडल में ऊपर और नीचे केवल एक-एक असली 500 रुपये का नोट लगाया गया था, जबकि बीच में नोटों के आकार के सफेद कागज रखे गए थे।
इन कागजों के किनारों को नोटों की तरह रंग दिया गया था, जिससे पूरी गड्डी बिल्कुल असली नजर आ रही थी। बंडलों की पैकिंग भी इस तरह की गई थी कि कोई भी व्यक्ति इन्हें बैंक से सील पैक होकर आए असली नोटों का बंडल समझ सकता था।
65 लाख नहीं, केवल 13 हजार रुपये निकले
पुलिस जांच में सामने आया कि जिन 13 बंडलों की कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही थी, उनमें वास्तविक रूप से केवल 13 हजार रुपये के असली नोट थे। बाकी सभी बंडलों में सफेद कागज भरे हुए थे।
पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे इन नकली गड्डियों को कहां और किस उद्देश्य से लेकर जा रहे थे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के सस्ते सौदे, दोगुना पैसा करने या बड़ी रकम के लेनदेन के मामलों में सावधानी बरतें। बिना जांच-पड़ताल के नकदी से जुड़े किसी भी सौदे पर भरोसा न करें।
