Municipal Election भादवा अमावस्या के चलते झुंझुनूं जिले की 19 निकायों में बदला मतदान कार्यक्रम, जानें किस निकाय में कब होगी वोटिंग
झुंझुनूं, नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर झुंझुनूं जिले में मतदान के चरणों में बदलाव किया गया है। भादवा अमावस्या के अवसर पर जिले के विभिन्न मंदिरों में 10 और 11 सितंबर को होने वाली वार्षिक पूजा-अर्चना और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला प्रशासन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
भादवा अमावस्या को देखते हुए बदला चुनाव कार्यक्रम
जिले के विभिन्न मंदिरों में भादवा अमावस्या के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस दौरान मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता भी तैनात किया जाता है।
इसके अलावा मंदिरों के आसपास स्थित कई भवनों में नगरीय निकाय चुनाव के मतदान केंद्र बनाए गए हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने 19 नगरीय निकायों के मतदान चरणों में बदलाव का प्रस्ताव राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा था।
आयोग ने प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए मतदान की नई तारीखें जारी कर दी हैं।
पहले चरण में 9 सितंबर को इन 9 निकायों में मतदान
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में 9 सितंबर 2026 को जिले की 9 नगरीय निकायों में मतदान होगा।
– नगर परिषद झुंझुनूं
– नगर पालिका बगड़
– नगर पालिका सुल्ताना
– नगर पालिका नवलगढ़
– नगर पालिका जाखल
– नगर पालिका मुकुंदगढ़
– नगर पालिका डूंडलोद
– नगर पालिका खेतड़ी
– नगर पालिका उदयपुरवाटी
दूसरे चरण में 11 सितंबर को 10 निकायों में वोटिंग
वहीं द्वितीय चरण में 11 सितंबर 2026 को जिले की 10 नगरीय निकायों में मतदान कराया जाएगा।
– नगर पालिका पिलानी
– नगर पालिका चिड़ावा
– नगर पालिका मंड्रेला
– नगर पालिका विद्याविहार
– नगर पालिका सूरजगढ़
– नगर पालिका सिंघाना
– नगर पालिका बुहाना
– नगर पालिका मंडावा
– नगर पालिका बिसाऊ
– नगर पालिका मलसीसर
प्रशासन को मिलेगी बड़ी राहत
भादवा अमावस्या के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के कारण पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी रहती है। मतदान की तारीखों में बदलाव से पुलिस जाप्ते की उपलब्धता और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव तैयारियों को आगे बढ़ाएंगे। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे मतदान की नई तारीख को ध्यान में रखते हुए अपने मतदान केंद्र और अन्य चुनाव संबंधी जानकारी पहले से जांच लें।
झुंझुनूं जिले की 19 नगरीय निकायों में अब 9 और 11 सितंबर को दो चरणों में मतदान होगा।
