घर में बक्से में बंद मिली पति-पत्नी की बॉडी

बुजुर्ग पति-पत्नी के शव बक्से में मिले, हत्या की आशंका; 12 अगस्त से थे लापता

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

उदयपुर। जिले के सायरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के अंदर बक्से में बुजुर्ग पति-पत्नी के शव मिले। दोनों 12 अगस्त की सुबह से लापता थे। घर से बदबू आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद बक्से को खोलने पर दोनों के शव प्लास्टिक की थैली में बंद मिले।

सायरा थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत के अनुसार, पुनावली गांव निवासी लहरी लाल पालीवाल (65) और उनकी पत्नी राधा देवी (62) के शव घर में रखे एक बक्से से बरामद हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि मंगलवार देर रात बदमाशों ने दोनों की हत्या कर शवों को प्लास्टिक की थैलियों में भरकर बक्से में रख दिया। इसके बाद बक्से के ऊपर बिस्तर रख दिया गया, ताकि किसी को घटना का पता नहीं चल सके।

दूध देने नहीं पहुंचे तो पड़ोसी ने घर जाकर देखा

जानकारी के अनुसार, लहरी लाल दूध बेचने का काम करते थे। 12 अगस्त की सुबह जब वे दूध देने नहीं पहुंचे तो पड़ोसी को संदेह हुआ। पड़ोसी उनके घर पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था, लेकिन घर में पति-पत्नी दोनों मौजूद नहीं थे।

इसके बाद पड़ोसी ने राजकोट, गुजरात में नौकरी कर रहे उनके बेटे मनोहर को सूचना दी। मनोहर ने अपने रिश्तेदारों से घर जाकर माता-पिता की तलाश करने के लिए कहा। रिश्तेदारों ने आसपास भी तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला।

माता-पिता के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद मनोहर सायरा पहुंचा और पुलिस को रिपोर्ट दी।

बदबू आने पर खुला हत्या का राज

शुक्रवार सुबह घर से बदबू आने पर परिजनों और रिश्तेदारों ने घर के अंदर तलाश शुरू की। बक्से की तरफ से तेज बदबू आने पर उसे खोला गया। बक्से के अंदर प्लास्टिक की थैलियों में दोनों के शव मिले।

सूचना मिलने पर सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस संदिग्धों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण और वारदात में शामिल आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। बुजुर्ग दंपती की हत्या क्यों और किसने की, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।