कार और बाइक की भिड़ंत, दो की मौत:मंड्रेला रोड पर इसरपुरा गांव के पास हुआ हादसा
झुंझुनूं के मंड्रेला रोड के पास इसरपुरा गांव में आज सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे में कार ड्राइवर ने बाइक को टक्कर मारी जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना के अनुसार आज सुबह 8 बजे झुंझुनू के सदर थाने में सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो युवक इसरपुरा गांव के पास सड़क पर घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने स्थानीय निवासियों की मदद से दोनों घायलों को झुंझुनूं के के बीडीके अस्पताल पहुंचाया। बीडीके अस्पताल में इलाज के दौरान बगड के वार्ड नंबर 14 निवासी राकेश कुमावत पुत्र किशोरी लाल कुमावत (30) की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार दूसरा घायल युवक बगड़ निवासी मनोज स्वामी पुत्र रामप्रसाद स्वामी (29) को गंभीर हालत के चलते सीकर रैफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान मनोज की भी मौत हो गई।
जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह ने बताया की घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। बाइक सवार दोनों युवक बगड़ से मंड्रेला रोड के सोनासर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान इसरपुरा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को सामने से टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक कई फीट दूर जाकर गिरे। टक्कर लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं हादसे के बाद स्विफ्ट डिजायर कार का ड्राइवर कार को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस कार के नंबरों के आधार पर कार चालक का पता लगा रही है। वहीं जानकारी में सामने आया कि बाइक सवा दोनों युवक पेंट का काम करते हैं। दोनों युवक काम के सिलसिले में सोनासर जा रहे थे। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद दोनों के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।


