बीहड़ में मिला 10 वर्षीय बालक का शव, इलाके में मची सनसनी

बीहड़ में मिला 10 वर्षीय बालक का शव, इलाके में मची सनसनी

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

चूरू : चूरू शहर के अगुणा मोहल्ला के पास स्थित बीहड़ क्षेत्र में एक 10 वर्षीय बालक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान उस बालक के रूप में हुई, जिसकी 1 जनवरी को कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

 

पतंग लूटने गया था बालक, घर नहीं लौटा

पुलिस के अनुसार मृतक बालक 1 जनवरी को पतंग लूटने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसी दिन कोतवाली थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कई दिनों तक तलाश के बाद गुरुवार को बालक का शव बीहड़ इलाके में मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया।

घने कंटीले पेड़ों के बीच मिला शव

सब इंस्पेक्टर किशनाराम विश्नोई ने बताया कि जिस स्थान पर शव मिला है, वह क्षेत्र घने कंटीले पेड़ों से घिरा हुआ है। वहां गंदा पानी भी जमा था, जिसमें बालक का शव पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।

बच्चों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना

पुलिस के अनुसार बीहड़ क्षेत्र में घूम रहे कुछ बच्चों ने शव को देखा और इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम के बाद खुलेगा राज

पुलिस ने शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, जिसमें दुर्घटना, लापरवाही या किसी अन्य कारण की भी जांच की जा रही है।

इलाके में शोक और दहशत का माहौल

बालक का शव मिलने के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ दहशत का माहौल है। परिजन और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।