पासपोर्ट ऑफिस को फिर बम से उड़ाने की धमकी, मॉल खाली करवाया गया

पासपोर्ट ऑफिस को फिर बम से उड़ाने की धमकी, मॉल खाली करवाया गया

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

सीकर में फिर बम की धमकी: पासपोर्ट ऑफिस समेत सिने स्क्वायर मॉल खाली, 17 दिन में दूसरी बार अलर्ट

सीकर। जिले के पासपोर्ट ऑफिस को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। 17 दिनों में यह दूसरी बार है जब इस तरह की धमकी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार जयपुर पासपोर्ट ऑफिस की मेल आईडी पर धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। इसके बाद तुरंत सीकर के उद्योग नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं।

सीकर का पासपोर्ट ऑफिस सिने स्क्वायर मॉल में स्थित है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मॉल को खाली करवाया गया। इस दौरान मॉल में मौजूद रेस्टोरेंट, दुकानों और मूवी थिएटर को भी तत्काल बंद कराया गया।
बताया जा रहा है कि चल रही फिल्म के बीच ही दर्शकों को बाहर निकालना पड़ा।

लोग हाथों में पॉपकॉर्न और कोल्डड्रिंक लेकर थिएटर से बाहर निकलते नजर आए।
पुलिस द्वारा पूरे परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में जुटी हुई हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 10 मार्च को भी इसी तरह की धमकी मिली थी। उस समय करीब चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। फिलहाल पुलिस ईमेल के स्रोत का पता लगाने और मामले की जांच में जुटी है।