Petrol-Diesel Price Hike : देशभर में पेट्रोल-डीजल महंगा, 3 रुपये लीटर बढ़े दाम, आम आदमी पर बढ़ा बोझ
Petrol Diesel New Rate: पेट्रोल-डीजल के दाम में आज बढ़ोतरी हो गई है। दिल्ली में पेट्रोल 3 रुपये और डीजल भी तीन रुपये महंगा हो गया है। इंडियन ऑयल द्वारा जारी नए रेट के मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल आज से 97.77 रुपये लीटर हो गया है। जबकि डीजल 90.67 रुपये लीटर हो गया है। इससे पहले यहां डीजल 87.67 रुपये और पेट्रोल 94.77 रुपये लीटर बिक रहा था।
झुंझुनूं में पेट्रोल की पुरानी कीमत 106.21 रुपये प्रति लीटर थी, जो अब 3.24 रुपये की बढ़त के साथ 109.45 रुपये पर पहुंच गई है।
इसी तरह डीजल की कीमतों में भी 3.01 रुपये का इजाफा हुआ है। पहले डीजल 91.70 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था, जो अब बढ़कर 94.71 रुपये हो गया है।
पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ाने की जरूरत क्यों पड़ी
पेट्रोल की कीमतों में इजाफे के पीछे मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान और अमेरिकी का जंग शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर थे जो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं।

क्रूड की कीमतें बढ़ने से तेल कंपनियां दबाव में थीं। इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया है। अगर कच्चे तेल की कीमतों में लंबे समय तक तेजी बनी रहती है तो पेट्रोल-डीजल की कीमतें और भी बढ़ाई जा सकती हैं।
आम आदमी पर क्या असर?
इस बढ़ोतरी का सीधा असर हर वर्ग पर पड़ेगा:
• यातायात महंगा: बस, ऑटो और टैक्सी किराए बढ़ सकते हैं
• महंगाई बढ़ेगी: सामान ढुलाई महंगी होने से रोजमर्रा की चीजें भी महंगी होंगी
• घरेलू बजट बिगड़ेगा: रोज पेट्रोल-डीजल खर्च करने वालों पर अतिरिक्त बोझ
