पति को छुड़ाने के लिए 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी पत्नी, सामने आते ही गले लगकर रो पड़ी
उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने पति को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब एक घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने जेल में बंद पति को मौके पर बुलाया, जिसके बाद महिला नीचे उतरी और पति से लिपटकर रोने लगी।
POCSO केस में जेल में बंद है पति
जानकारी के अनुसार महिला का पति अक्टूबर 2025 से POCSO एक्ट के तहत जेल में बंद है। महिला का आरोप है कि उसका पति बेगुनाह है और परिवारिक विवाद के चलते उस पर झूठा मामला दर्ज कराया गया। बताया जा रहा है कि यह मामला प्रेम विवाह से जुड़ा है, जहां लड़की की मां ने दामाद के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
महिला ने टावर पर चढ़ते ही जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया कि जब तक उसके पति को रिहा नहीं किया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी। उसने आत्महत्या की धमकी भी दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन टाडा, डीसीपी हेडक्वार्टर दिनेश चंद्र त्रिपाठी, स्टाफ ऑफिसर अमरनाथ यादव सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने महिला को समझाने का प्रयास किया।
स्टाफ ऑफिसर अमरनाथ यादव ने महिला से कहा कि वह नीचे उतर आए, उसकी बात सुनी जाएगी और उसे जज के सामने भी पेश किया जाएगा। लेकिन महिला अपनी मांग पर अड़ी रही और पति को बुलाने की जिद करती रही।
पति को सामने देखकर उतरी नीचे
करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस आरोपी युवक को कोर्ट से लेकर मौके पर पहुंची। पति को देखते ही महिला टावर से नीचे उतर आई और उससे गले लगकर फूट-फूट कर रोने लगी। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया।
इसके बाद पुलिस ने महिला को काउंसलिंग के लिए पुलिस लाइन भेज दिया, जबकि युवक को दोबारा जेल भेज दिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे प्रेम की मिसाल बता रहा है तो कोई कानून और पारिवारिक विवादों के बीच फंसी जिंदगी की दर्दनाक तस्वीर कह रहा है।
