शादीशुदा युवक के साथ 2 साल से लिव-इन में रह रही थी युवती, प्रेग्नेंट होने पर परिजनों को भेजा था मैसेज

शादीशुदा युवक के साथ 2 साल से लिव-इन में रह रही थी युवती, प्रेग्नेंट होने पर परिजनों को भेजा था मैसेज

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

सूरजगढ़/नीमराणा। नीमराणा थाना क्षेत्र से करीब दो माह से लापता युवती सुशीला की मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे शादीशुदा युवक ने उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शव को नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि 21 अगस्त को सुशीला के मामा सतबीर चौधरी निवासी रघुनाथपुर, थाना सूरजगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि सुशीला 30 जून से लापता थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नीमराणा में रह रहे संदीप राजपूत (38) पुत्र नंदू सिंह निवासी चुड़ीना, पचेरी, झुंझुनूं को पूछताछ के लिए थाने बुलाया।

पूछताछ में शव नहर में फेंकने की बात कबूली



पुलिस के अनुसार पूछताछ में संदीप ने बताया कि 30 जून को सुशीला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसके बाद उसने शव को कार में रखा और हरियाणा के झज्जर सदर थाना क्षेत्र में सिलानी गांव के पास नहर में फेंक दिया।

नीमराणा पुलिस आरोपी संदीप को लेकर सोमवार को झज्जर सदर थाना पहुंची। वहां पुलिस को जानकारी मिली कि 2 जुलाई को इसी नहर से एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था।

2 जुलाई को मिला था अज्ञात युवती का शव

झज्जर पुलिस के अनुसार सिलानी गांव के पास नहर से 2 जुलाई को अज्ञात युवती का शव मिला था। पहचान नहीं होने पर 3 जुलाई को अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। 5 जुलाई को पोस्टमार्टम के बाद शव का लावारिस के रूप में अंतिम संस्कार कर दिया गया था।

इसके बाद झज्जर पुलिस ने मृत युवती के फोटो परिजनों को दिखाए। परिजनों ने फोटो देखकर उसकी पहचान सुशीला के रूप में की।

शादीशुदा था आरोपी, दो बच्चे भी हैं

पुलिस के मुताबिक संदीप राजपूत शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं, जो नीमराणा में रह रहे थे। वहीं सुशीला पिछले करीब दो वर्षों से संदीप के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

परिजनों के अनुसार, युवती के गर्भवती होने की जानकारी भी सामने आई थी और उसने इस संबंध में परिजनों को मैसेज भेजा था। इसके बाद से ही मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि युवती की मौत की वास्तविक वजह और घटना के पूरे घटनाक्रम का खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगा।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।