झुंझुनूं की 14 पंचायत समितियों में आज चुने जाएंगे प्रधान, कहीं सिंगल नाम तो कहीं तीन-तीन दावेदार; जानिए किस पंचायत समिति में कौन आगे
झुंझुनूं। जिले की 14 पंचायत समितियों में प्रधान पद को लेकर सियासी तस्वीर शुक्रवार को साफ हो जाएगी। पंचायत समिति प्रधान के चुनाव के लिए आज निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित होगी। जिले में कहीं प्रधान पद के लिए एक ही नाम सबसे आगे चल रहा है तो कहीं तीन-तीन दावेदारों के बीच मुकाबले की स्थिति बनी हुई है। राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को लेकर रणनीति तैयार कर ली है। अब सबकी नजरें चुनाव और मतदान के परिणाम पर टिकी हैं।
जिले की पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस ने 9 पंचायत समितियों में बहुमत हासिल किया है, जबकि कुछ पंचायत समितियों में निर्दलीय सदस्यों की भूमिका निर्णायक हो गई है। दो पंचायत समितियों में भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। ऐसे में भाजपा निर्दलीय सदस्यों का समर्थन जुटाकर अपना प्रधान बनाने की कोशिश में है।
प्रधान पद के चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों में अंदरूनी स्तर पर बैठकों और राजनीतिक समीकरणों का दौर जारी है। कई जगह प्रत्याशियों के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं, जबकि कुछ पंचायत समितियों में अंतिम समय तक दावेदारों के नामों को लेकर स्थिति बदल सकती है।
14 पंचायत समितियों में प्रधान पद के संभावित दावेदार
1. झुंझुनूं पंचायत समिति
झुंझुनूं पंचायत समिति में कांग्रेस की ओर से रामनिवास बिजारणिया और सुमन राहड़ के नाम प्रधान पद की दौड़ में चर्चा में हैं। वहीं भाजपा की ओर से मंजू खीचड़ को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। यहां दोनों दलों के बीच प्रधान पद को लेकर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।
2. अलसीसर पंचायत समिति
अलसीसर में कांग्रेस की ओर से वार्ड संख्या 5 की अनिता और मनोज ढाका के नाम प्रधान पद के दावेदारों के रूप में सामने आए हैं। पार्टी किसे मौका देती है, इसका फैसला चुनाव के दौरान स्पष्ट होगा।
3. उदयपुरवाटी पंचायत समिति
उदयपुरवाटी में कांग्रेस के सामने प्रधान पद के लिए तीन नाम चर्चा में हैं। इनमें फूलचंद सैनी, पूजा वर्मा और प्रियंका सैनी शामिल हैं। तीन दावेदारों के चलते यहां कांग्रेस के भीतर भी राजनीतिक समीकरण अहम रहेंगे।
4. नवलगढ़ पंचायत समिति
नवलगढ़ में कांग्रेस की ओर से सुभिता सीगड़ और सुभिता बुगालिया के नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। दोनों में से किसे प्रधान पद का प्रत्याशी बनाया जाता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।
5. पिलानी पंचायत समिति
पिलानी पंचायत समिति में प्रधान बनाने की चाबी निर्दलीय सदस्यों के हाथ में मानी जा रही है। यहां कांग्रेस की ओर से कमलेश रणवां और शांतिदेवी के नाम चर्चा में हैं। वहीं भाजपा की ओर से अनिता और बेरी की कुंता देवी दावेदारी कर रही हैं। निर्दलीय सदस्यों का समर्थन जिस दल को मिलेगा, प्रधान पद का चुनाव उसी के पक्ष में जा सकता है।
6. चिड़ावा पंचायत समिति
चिड़ावा में कांग्रेस की ओर से कमला देवी जानू का नाम प्रमुखता से सामने आया है। भाजपा की तरफ से मंजू भांबू और चीना दहिया दावेदारी कर रही हैं। यहां भी निर्दलीय सदस्यों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है।
7. बबाई पंचायत समिति
नवगठित बबाई पंचायत समिति में प्रधान पद को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला है। भाजपा की ओर से गुड्डी कंवर और कांग्रेस की तरफ से रिंकू सैनी प्रमुख दावेदार मानी जा रही हैं।
8. खेतड़ी पंचायत समिति
खेतड़ी पंचायत समिति में भाजपा 9 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई है। भाजपा की ओर से कमला देवी और केदार खींची के नाम प्रधान पद की दौड़ में प्रमुखता से चर्चा में हैं। अब पार्टी किसे मौका देती है, यह देखना दिलचस्प होगा।
9. सूरजगढ़ पंचायत समिति
सूरजगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस को बहुमत मिलने के बाद प्रधान पद के लिए विधायक श्रवण कुमार की बेटी सविता सिंह का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। कांग्रेस के बहुमत के चलते यहां पार्टी का प्रधान बनना लगभग तय माना जा रहा है।
10. सिंघाना पंचायत समिति
सिंघाना पंचायत समिति में प्रधान पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। भाजपा की ओर से इस वर्ग की कोई प्रत्याशी चुनाव नहीं जीत सकी। ऐसे में कांग्रेस की ओर से निर्वाचित पूनम, बिरमा देवी और नीलम में से किसी एक को प्रधान पद का मौका मिल सकता है।
11. मंडावा पंचायत समिति
मंडावा पंचायत समिति में कांग्रेस नेता और ब्लॉक अध्यक्ष किरोड़ी पायल का नाम प्रधान पद की दौड़ में सबसे आगे बताया जा रहा है। इसके अलावा प्रशांत पूनिया का नाम भी चर्चा में है। यहां कांग्रेस के राजनीतिक समीकरणों पर सबकी नजर रहेगी।
12. गोठड़ा पंचायत समिति
गोठड़ा पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए राजेश देवी और सुमन नेहरा के नाम दावेदारों में शामिल हैं। दोनों नामों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।
13. गुढ़ागौड़जी पंचायत समिति
गुढ़ागौड़जी पंचायत समिति में कांग्रेस की ओर से मंजू गिल और सावित्री देवी के नाम प्रधान पद के लिए चर्चा में हैं। पार्टी के अंतिम निर्णय के बाद यहां प्रधान पद की तस्वीर साफ होगी।
14. बुहाना पंचायत समिति
बुहाना पंचायत समिति में निवर्तमान प्रधान हरिकिशन यादव का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। यादव तीसरी बार प्रधान बनने की तैयारी में हैं। यदि उन्हें मौका मिलता है तो यह उनके राजनीतिक सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
निर्दलीय तय करेंगे कई पंचायत समितियों का राजनीतिक भविष्य
जिले की 14 पंचायत समितियों में प्रधान पद का चुनाव राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस को 9 पंचायत समितियों में बहुमत मिलने से पार्टी की स्थिति मजबूत है। वहीं भाजपा दो पंचायत समितियों में सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई है। दूसरी ओर पिलानी और चिड़ावा सहित उन पंचायत समितियों में निर्दलीय सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी, जहां किसी एक दल के पास स्पष्ट बहुमत नहीं है।
शुक्रवार को होने वाले चुनाव में यह साफ हो जाएगा कि जिले की पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी किस पार्टी के खाते में जाती है। संभावित दावेदारों के नामों के बीच अंतिम समय में भी बदलाव की संभावना बनी हुई है।
अब देखना होगा कि झुंझुनूं जिले की 14 पंचायत समितियों में किसके सिर प्रधान का ताज सजता है और किसे निराशा हाथ लगती है।
