Air Strike In Jhunjhunu हवाई हमले से बचाव का मॉक ड्रिल आज, जानिए कब और कहां रहेगा ब्लैक आउट
झुंझुनूं रेलवे स्टेशन पर लगी आग, मचा हड़कंप! फायर ब्रिगेड-पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंचीं, घायलों को BDK अस्पताल पहुंचाया
झुंझुनूं। जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को अचानक आग लगने और बड़े हादसे की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। रेलवे स्टेशन पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान घायलों को एंबुलेंस की सहायता से बीडीके अस्पताल पहुंचाया गया।
दरअसल, यह पूरा घटनाक्रम आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉक ड्रिल अभ्यास का हिस्सा था। अभ्यास के दौरान रेलवे स्टेशन पर आग लगने और बड़े हादसे की आपात स्थिति की कल्पना की गई। इसके बाद संबंधित विभागों को सूचना देकर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया गया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें
मॉक ड्रिल के तहत आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रेलवे स्टेशन पहुंचीं। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। आग पर काबू पाने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
घायलों को बीडीके अस्पताल पहुंचाया
अभ्यास के दौरान घायल व्यक्तियों को एंबुलेंस के जरिए बीडीके अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में भी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से यह देखने का प्रयास किया गया कि किसी वास्तविक हादसे की स्थिति में अलग-अलग विभाग कितनी तेजी और आपसी समन्वय के साथ काम करते हैं।
आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए अभ्यास
इस तरह के मॉक ड्रिल अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आगजनी, हवाई हमले या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा, त्वरित राहत और बचाव कार्यों की व्यवस्थाओं को मजबूत करना है। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आपात स्थिति में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
रात 10 बजे से 10:15 बजे तक बंद रहेंगी लाइटें
जिला कलक्टर एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के नियंत्रक डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि नागरिक सुरक्षा तैयारियों को मजबूत बनाने और किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में बचाव एवं सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह मॉक अभ्यास किया जा रहा है।
अभ्यास के दौरान जिला मुख्यालय के अलग-अलग स्थानों पर सायरन बजाए जाएंगे। इसके साथ ही रात 10 बजे से 10:15 बजे तक पूरे जिला मुख्यालय पर ब्लैक आउट ड्रिल आयोजित होगी।
इस दौरान नागरिकों को अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और अन्य स्थानों की सभी लाइटें तथा रोशनी के उपकरण बंद रखने होंगे।
नागरिकों से सहयोग की अपील
जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने आमजन से अपील की है कि 27 नवंबर की रात 10 बजे से 10:15 बजे तक ब्लैक आउट ड्रिल में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस तरह के मॉक अभ्यास से आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को मजबूत बनाने में मदद मिलती है।
