Nikay Chunav निकाय चुनाव से पहले नकली नोटों की बड़ी खेप बरामद, कांग्रेस प्रवक्ता का बेटा समेत 4 गिरफ्तार Municipal elections

Fake Currency नकली नोटों की बड़ी खेप पकड़ी, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता के बेटे समेत 4 गिरफ्तार

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

जयपुर: राजस्थान में निकाय चुनावों से पहले जयपुर पुलिस ने नकली नोटों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 30 हजार 500 रुपए के नकली नोट बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में सीकर निवासी साहिल चौधरी, जो कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आरसी चौधरी का बेटा बताया गया है, भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार बरामद किए गए सभी नोट 500-500 रुपए के थे। कुल 861 नकली नोट जब्त किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि नोट उच्च गुणवत्ता के थे और सामान्य तौर पर इन्हें देखकर असली और नकली में अंतर करना मुश्किल था। अल्ट्रावायलेट मशीन से जांच के दौरान नोटों की हकीकत सामने आई।

बजाज नगर थाना और CST की संयुक्त कार्रवाई

स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के अनुसार बजाज नगर थाना पुलिस और सीएसटी की टीम ने 21 अगस्त की देर रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया। इनमें हरियाणा के रोहतक निवासी अंशुल (24), प्रियांशु (21) और आकाश (26) के अलावा सीकर निवासी साहिल चौधरी (24) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली नोटों के अलावा स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर सहित दो लग्जरी वाहन भी जब्त किए हैं।

बांग्लादेश से भारत पहुंचने की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि नकली नोटों का नेटवर्क राजस्थान तक सीमित नहीं है। पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना रोहतक निवासी अमन राणा बताया जा रहा है, जो कोलकाता से नेटवर्क संचालित कर रहा था।

पुलिस को आशंका है कि नकली नोटों की खेप बांग्लादेश से भारत लाई गई और इसके बाद अलग-अलग राज्यों में नेटवर्क के जरिए इसकी सप्लाई की गई। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

निकाय चुनाव से पहले ट्रायल के तौर पर मंगवाए थे नोट

पुलिस के मुताबिक साहिल चौधरी पिछले करीब दो साल से अमन राणा के संपर्क में था। अंशुल, प्रियांशु और आकाश कथित तौर पर नकली नोटों की खेप साहिल को सप्लाई करने के लिए पहुंचे थे।

पूछताछ में सामने आया कि बरामद नकली नोटों को फिलहाल ट्रायल के तौर पर मंगवाया गया था। पुलिस को आशंका है कि ट्रायल सफल होने के बाद निकाय चुनाव के दौरान बड़ी मात्रा में नकली नोटों की सप्लाई करने की तैयारी थी।

हालांकि नकली नोटों को चुनाव में खपाने की योजना और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।

नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल?

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली नोट जयपुर तक किस माध्यम से पहुंचे, इन्हें किसने उपलब्ध कराया और आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि राजस्थान के अलावा इस नेटवर्क का संपर्क किन राज्यों और शहरों से है।

साहिल की गिरफ्तारी पर राजनीतिक बयानबाजी शुरू

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आरसी चौधरी के बेटे साहिल चौधरी की गिरफ्तारी सामने आने के बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस अपना कानूनी काम करेगी, लेकिन राजनीतिक दल को भी इस मामले पर विचार करना चाहिए।

फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और नकली नोटों के पूरे नेटवर्क, मुख्य सप्लायर तथा संभावित खरीदारों के बारे में पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

जानिए कौन हैं आरसी चौधरी

आरसी चौधरी राजस्थान कांग्रेस के एक प्रमुख और वरिष्ठ नेता हैं, जो वर्तमान में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। वे संगठन के विभिन्न पदों पर सक्रिय रहे हैं। मूल रूप से सीकर जिले (फतेहपुर) से ताल्लुक रखने वाले आरसी चौधरी प्रदेश की राजनीति में एक जाना-पहचाना चेहरा हैं।