गृह कलह से टूटा परिवार: पत्नी ने खाया जहर, सदमे में पति ने पेड़ से लटककर दी जान
झुंझुनूं जिले के बिसाऊ थाना क्षेत्र में गृह कलह के चलते पति-पत्नी द्वारा आत्महत्या करने का दर्दनाक मामला सामने आया है। पाटोदा और कमालसर के बीच डेरे में रहने वाले दंपती की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई।
थानाप्रभारी शेरसिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान सुभाष (23) पुत्र सोहनलाल और उसकी पत्नी सुप्यार (19) के रूप में हुई है। दोनों अपने बच्चों के साथ दिलोई गांव की चारागाह भूमि में डेरे पर रह रहे थे।
मृतक के पिता सोहनलाल के अनुसार मंगलवार शाम सुभाष अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ मोटरसाइकिल से डेरे पर आया था। कुछ देर बाद पति-पत्नी खेतों की तरफ चले गए। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। डेरे से करीब 500 मीटर दूर बैठे दंपती में फिर कहासुनी हो गई। इसी दौरान सुभाष ने आवाज देकर बताया कि उसकी पत्नी सुप्यार ने जहरीला पदार्थ खा लिया है।
परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और कंपाउंडर को बुलाया, लेकिन हालत गंभीर होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस सुप्यार को सरकारी अस्पताल बिसाऊ लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी की मौत से सदमे में आए सुभाष ने उसी रात पाटोदा रोही में खेजड़ी के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार सुभाष और सुप्यार की शादी करीब दस साल पहले तारपुरा निवासी सुप्यार के साथ हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी और पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। समझाइश के बाद मामला शांत हो जाता था, लेकिन इस बार विवाद ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया।
