राजस्थान सरकार ने किसानों के हित को ध्यान में रख कर कृषक उपहार योजना को आरंभ किया है। ये योजना राज्य के हर किसान को ध्यान में रख कर तैयार की गई है। इस योजना के अंतर्गत किसान दस हज़ार रुपए से अधिक की फसल बेच कर आकर्षक उपहार और कूपन प्राप्त कर सकता है। इस योजना के तहत राज्य का हर किसान आवेदक बन सकता है।
इस योजना को फलीभूत करने के पीछे सरकार का निहित उद्देश्य किसानों को प्रोत्साहित करना है। फसलों की बिक्री के बाद किसानों को उपहार मिलेगा जिससे उन्हें अपने काम को करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। इस योजना के अंतर्गत ई नाम के माध्यम से अपनी उपज बेचने वाले किसानों को अधिकतम ढाई लाख रुपए का उपहार मिलेगा। साथ ही सरकार कोशिश भी कर रही है कि किसान सही दाम पर अपनी उपज बेच पाएं।
क्या है कृषक उपहार योजना
राजस्थान में ऑनलाइन मंडी को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार ने कृषक उपहार योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत उन किसानों को पुरस्कृत किया जा रहा है। जो अपनी उपज ई-नाम पोर्टल के माध्यम से बेचते हैं।
कैसे मिलता है पुरस्कार
किसान ई नाम पोर्टल के जरिए अपनी फसल की बिक्री करें तो मंडी से ही उन्हें निःशुल्क ई उपहार कूपन प्राप्त होगा। यह कूपन मंडी समिति की ओर से जारी किए जाते हैं और जारी किए गए कूपन के विरुद्ध लॉटरी ड्रा के माध्यम से कूपन का चयन किया जाता है। और इस प्रकार यह पुरस्कार राज्य स्तर, जिला स्तर और खंड स्तर पर तो दिए ही जाते हैं। साथ ही मंडी स्तर पर भी यह पुरस्कार दिए जाते हैं जिससे ज्यादा से ज्यादा किसानों को यह उपहार जीतने की संभावना बनी रहती है। मंडी समिति द्वारा अलग-अलग तारीख पर, अलग- अलग समय पर निकाली जाती है और जीतने वाले कृषक को सम्मानित किया जाता है।
कृषक उपहार योजना के तहत निकाली लॉटरी
झुंझुनू, कृषि उपज मण्डी समिति झुुंझुनू में कृषक उपहार योजना के तहत जून माह में ई नाम कूपनों पर ऑनलाईन लॉटरी निकाली गई थी। मण्डी समिति के सचिव प्यारेलाल महला ने बताया कि 1 जून से 30 जून तक गेटपास की विक्रय पर्चियों पर जारी कूपनों एवं ई पेमेंट की विक्रय पर्चियों पर जारी कूपनों पर लॉटरी निकाली गई। लॉटरी मण्डी समिति के प्रशासक रामरतन सौंकरिया, सचिव प्यारेलाल महला एवं कृषि विपणन विभाग के क्षेत्रीय उप निदेशक के प्रतिनिधि नीरज बिष्ट द्वारा निकाली गई।
उन्होंने बताया कि गेट पास की विक्रय पर्चियों की लॉटरी में श्योपाल सिंह टोडरवास को प्रथम पुरस्कार के रूप में 25 हजार, अकरम गांव राणासर को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार तथा प्रितम सिंह गांव भूतियावास को तृतीय पुरस्कार के रूप में 10 हजार की पुरस्कार के लिए चयन किया गया।
इसी प्रकार ईपेमेंट की विक्रय पर्चियों में मोहम्मद नदीम सलीम चौहान को प्रथम पुरस्कार के रूप में 25 हजार, प्यारेलाल महला को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार तथा मोहम्मद नदीम सलीम चौहान को तृतीय पुरस्कार के रूप में 10 हजार की पुरस्कार राशि दी गई।
