खुद जिंदगी हार गई धोलाखेड़ा की किरण, चार को दे गई जीवनदान
गुढ़ागौड़जी. धोलाखेड़ा निवासी 50 वर्षीय किरण खैरवा पत्नी राजेंद्र खैरवा खुद जिंदगी की जंग हार गई, लेकिन वह चार लोगों को जीवनदान दे गई। किरण का लिवर, हार्ट और किडनी अलग-अलग मरीज को प्रत्यारोपित किए गए हैं।
किरण वडोदरा के श्रीराम सैनिक विद्यालय में अध्यापिका थी। किरण वडोदरा में एक सड़क दुघर्टना में गंभीर घायल हो गई। उसके दिमाग पर गम्भीर चोटें आई। उसे इलाज के लिए गोपीनाथजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बुधवार को डॉक्टरों ने किरण के ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इस पर परिवार के लोगो ने अंगदान का फैसला लिया।
गांव में शनिवार को हुआ अंतिम संस्कार
किरण का शनिवार दोपहर गांव धोलाखेड़ा में अंतिम संस्कार किया गया। किरण के पार्थिव शरीर को शुक्रवार को वडोदरा से सम्मान के साथ विदा किया गया। इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे। ग्रामीणों के अनुसार किरण खैरवा के परिजनों ने सामाजिक उत्थान के लिए सराहनीय कार्य किया है।