बुजुर्ग महिला की गला काटकर निर्मम हत्या, लूटपाट की आशंका
गुढ़ागौड़जी (झुंझुनूं)। क्षेत्र के गुड़ा (पोंख) गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव में अकेली रह रही 65 वर्षीय बुजुर्ग विधवा महिला की अज्ञात बदमाशों ने गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
हवेली में अकेली रहती थी महिला
जानकारी के अनुसार मृतक महिला अपने पैतृक मकान (हवेली) में अकेली रहती थी। उसके परिजन कोलकाता में निवास करते हैं। पड़ोसियों द्वारा महिला से संपर्क नहीं होने पर जब स्थिति संदिग्ध लगी तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
खून से सना कमरा, संघर्ष के मिले निशान
सुबह काफी देर तक सीता देवी के घर से कोई हलचल नहीं हुई। शक होने पर पड़ोसियों ने घर के भीतर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। कमरे के अंदर सीता देवी का शव खून से लथपथ पड़ा था। धारदार हथियार से उनका गला रेता गया है। दीवारों और फर्श पर खून बिखरा हुआ मिला।
कमरे का सामान भी अस्त-व्यस्त था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला ने बदमाशों का विरोध किया होगा।
अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने बदमाशों से खूब संघर्ष भी किया होगा।
सूचना पर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों की भीड़ जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही गुढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
लूटपाट के इरादे से हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस लूटपाट के इरादे से हत्या की आशंका जता रही है। कि बदमाशों ने वारदात को लूट के उद्देश्य से अंजाम दिया।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
