Painthar Movement पैंथर के मूवमेंट से गांव में दहशत, वन विभाग अलर्ट
झुंझुनूं : सूरजगढ़ क्षेत्र के स्यालु गांव में पैंथर के मूवमेंट की सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों के अनुसार दोपहर करीब 2:00 बजे गांव के आसपास खेतों में पैंथर को देखा गया। पैंथर की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए उसकी तस्वीरें मोबाइल फोन में कैद कर लीं।
सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। पैंथर की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है, वहीं वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
चिड़ावा रेंजर सुमन चौधरी ने ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पैंथर के संभावित मूवमेंट को देखते हुए मवेशियों को खुले बाड़ों में न रखें, बल्कि उन्हें चारदीवारी या सुरक्षित स्थानों पर ही बांधें। साथ ही रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें।
तुरंत दें वन विभाग को सूचना
रेंजर सुमन चौधरी ने यह भी कहा कि यदि कहीं भी पैंथर की गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। वन विभाग की टीम पूरे क्षेत्र में मॉनिटरिंग कर रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ग्रामीणों ने भी वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और नियमित गश्त की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
