शहीद कुलदीप के घर पहुंची वसुंधरा राजे:बोलीं- शहादत हमेशा याद रखी जाएगी, झुंझुनूं की धरती वीरों को जन्म देती है
झुंझुनूं 21 दिसंबर : भाजपा नेता महेश बसावतिया ने बताया कि राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मंगलवार को झुंझुनूं जिले के दौरे पर रहीं। वे हेलिकॉप्टर से घरड़ाना खुर्द पहुंची। यहां पर सीएसडी विपिन रावत के साथ हेलिकॉप्टर हादसे में शहीद हुए स्क्वॉड्रर लीडर कुलदीप सिंह राव के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे शहीद के माता-पिता व वीरांगना व अन्य परिजनों से मिली और ढाढ़स बंधाया। इसके बाद वे घरड़ाना खुर्द से भैंसावता कलां पहुंची। यहां पर उन्होंने नक्सली हमले में शहीद हुए सुजान सिंह को उनके घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने उनके पुत्र व अन्य परिजनों को संवेदना व्यक्त करते हुए ढाढ़स बंधाया। राजे ने कहा कि शहीद देश के लोगों के लिए पूजनीय हैं। शहीदों की शहादत हमेशा याद रखी जाएगी। ये झुंझुनूं की धरती वीरों को जन्म देती है। राजे यहां से सड़क मार्ग से अलवर के लिए रवाना हो गई। राजे को देखने और उनके साथ तस्वीर लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। वहीं, इस दौरान भाजपा नेता व पूर्व सांसद सन्तोष अहलावत, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव सिंह, पूर्व प्रधान कैलाश मेघवाल, महेश बसावतिया, राजेश बाबल सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



