नवलगढ़ शहर के वार्ड एक की सेडूवाली ढाणी के एक घर से अज्ञात चोर गुरुवार देर रात को चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने परिवार के लोगों को कमरों में बंद कर दिया। यहां तक की रोड लाइट का कनेक्शन भी काट दिया। जब उन्हें पता चला बाहर से गेट बंद है तो जैसे-तैसे गेट खोला तो देखा कि सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया।
पुलिस के अनुसार बाबूलाल सैनी ने रिपोर्ट में बताया कि उसका व उसके भाई सज्जन कुमार का सेडूवाली ढाणी में घर है। गुरुवार रात को खाना खाने के बाद परिवार के लोग सो गए थे। अज्ञात चोर रात को एक से ढाई बजे के बीच चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए घर से सात जोड़ी चांदी के पायल, 11 चांदी के कड़े, 15 चांदी के सिक्के, लैपटॉप समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत करीब दो लाख रुपए बताई गई है। घटना का पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड की टीम ने भी पहुंचकर सबूत जुटाए।
रोड लाइट के तार काटे
बाबूलाल सैनी ने बताया कि घर के पास लगी रोड लाइट के तार भी चोरों ने काट दिए थे। ताकि अंधेरा होने के कारण वे घर में घुसकर चोरी की वारदात को आराम से अंजाम दे सके।
कमरों के गेट बाहर से किए बंद
अज्ञात चोर चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए घर के पीछे की तरफ से घुसे। इसके बाद चोरों ने जिन कमरों में घर के लोग सो रहे थे उनके गेट को बाहर से बंद कर दिया। ताकि वे जगे होने पर पकड़े नहीं जा सके और चोरी की वारदात को आराम से अंजाम दे सके। घटना का पता घरवालों को तब चला जब बाबूलाल के भाई की लड़की दीक्षा पानी पीने के लिए उठी। उसके कमरे का गेट बाहर से बंद किया हुआ था। इस पर उसने भाई राहुल को फोन पर बताया। सभी कमरों के बाहर से गेट बंद थे। राहुल ने उसके कमरे का गेट खोला। बाद में देखा तो पता लगा की उनके घर में चोरी की वारदात हुई है।
