Jhunjhunu News नाबालिग से काम के बहाने बुलाकर दरिंदगी
झुंझुनूं जिले के एक गांव की नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने संबंधित थाने में श्रवन पुत्र इंद्राज सिंह, आर्यन पुत्र सत्यवीर सिंह, अनूप पुत्र सुरेश और अंकुर पुत्र महेंद्र सिंह के खिलाफ सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज कराया है।
महिला ने रिपोर्ट में बताया है कि 17 सितंबर को श्रवण ने आर्यन के साथ मोटरसाइकिल पर उसकी 14 साल की बेटी को खेत में काम करने के बहाने बुलाया। वहां पर श्रवण के मकान पर उसकी बेटी के साथ श्रवण, आर्यन, अनूप और अंकुर ने बलात्कार किया और बेटी को धमकी दी कि किसी को बताया तो उसे और उसकी मां की जान से मार देंगे।
नींद की गोलियां देकर बोले- जब बुलाएं, चुपचाप चले आना
वारदात के बाद दरिंदों ने पीड़िता को धमकी दी। उन्होंने कहा- हम बदमाश हैं, हमारे कई मुकदमे चल रहे हैं, अगर किसी को बताया तो हम तुम्हें और तुम्हारी मां को जान से मार देंगे। इसके बाद आरोपियों ने उसे चार बार बुलाया और उसके साथ बलात्कार किया।
आरोपियों के खिलाफ पहले से केस दर्ज
सूत्रों के अनुसार, आरोपी अंकुर के खिलाफ चिड़ावा और सुलताना थानों में करीब पांच मामले दर्ज हैं, जबकि आर्यन और अनूप पर भी दो-दो प्रकरण दर्ज हैं। 23 अक्टूबर को जब पीड़िता डर के कारण सहमी हुई थी, तब उसकी मां ने पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। मां ने बताया कि आरोपी अब उसकी बेटी को जयपुर ले जाने का दबाव बना रहे हैं और मना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
मां ने की प्रशासन से न्याय की मांग
रोते हुए पीड़िता की मां ने पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है और आरोपी जल्द गिरफ्त में आने की मांग उठ रही है।
