पिस्टल दिखा 3 बदमाशों ने 15 लाख रु. लूटे, सदीनसर इलाके की घटना, बाइक पर आए थे तीनों बदमाश, बाइक सवार युवक को टक्कर मार गिराया,
रामगढ़ शेखावाटी, बाइक पर जा रहे एक युवक से 15 लाख रुपए की लूट का मामला दर्ज हुआ है। वारदात के लिए 3 बदमाश बाइक लेकर आए थे। पहले उन्होंने टक्कर मारकर युवक को नीचे गिरा दिया। इसके बाद पिस्टल दिखाकर युवक के पास रुपयों से भरा बैग छीन लिया। घटना के बाद पीड़ित ने रामगढ़ सेठान थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दी है। पुलिस अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी है।
रामगढ़ शेखावाटी पुलिस के अनुसार झुंझुनूं जिले के मंडावा कस्बे के वार्ड 3 निवासी मनीष ने लूट का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का कहना है कि वह फतेहपुर से अपने परिचित प्रताप से 15 लाख रुपए लेकर बाइक पर निकला था। रुपयों से भरा बैग लेकर वह अपने घर मंडावा जा रहा था। ये 15 लाख रुपए उसके ताऊ के लड़के सुरेंद्र ने दिलवाए थे। जो, उसके घर पर देने थे।
लेकिन जैसे ही वह रुपए लेकर फतेहपुर से रवाना होकर सदीनसर से आगे पहुंचा तो पीछे से एक बाइक वाले ने उसकी बाइक को टक्कर मारी। इससे मनीष नीचे गिर गया। गिरते ही तीनों बदमाशों ने मनीष के पास मौजूद बैग छीनने लगे। विरोध करने पर इनमें से एक ने मनीष को पिस्टल दिखाई।
इस पर मनीष डर गया और इसके बाद तीनों बदमाश रुपयों से भरा बैग लूट कर मंडावा की तरफ बाइक लेकर फरार हो गए। पीड़ित मनीष के अनुसार तीनों आरोपी सफेद रंग की बाइक लेकर आए थे। इनमें एक ने हेलमेट लगा रखा था और दो ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।
नवलगढ़ की तरफ जाते दिखे संदिग्ध रामगढ़ सेठान के थानाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि लूट के बाद बदमाश नवलगढ़ की तरफ भाग छूटे। एक जगह उनकी संदिग्ध बाइक नजर आई है। इसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा इस रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
पहले दूसरे थाने की पुलिस पहुंची मौके पर।
15 लाख रुपए लूटने के बाद मनीष ने अपने भाई सुरेंद्र को फोन कर घटना की जानकारी दी। सुरेंद्र ने मनीष को घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने की बात कही। इस पर मंडावा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन, वारदात स्थल रामगढ़ सेठान थाने के अधीन आने पर इसके बाद रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर आकर पीड़ित से पूछताछ की। बाइक से गिरने पर मनीष घायल हो गया तो उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाना पड़ा।
