राजस्थान के इस जिले में बनेंगे 4 ओवरब्रिज व अंडरब्रिज, 6 साल से अटका काम होगा पूरा

Rajasthan News: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में 6 सालों से प्रदेश सरकार और रेलवे के बीच अटका ओवरब्रिज का काम जल्द फिर से शुरू किया जाएगा।इसके साथ ही, 3 और ओवरब्रिज व अंडरब्रिज भी बनाए जाएंगे।

झुंझुनूं जिले व संसदीय क्षेत्र में 4 रोड ओवर ब्रिज/रोड अंडर ब्रिज के काम शुरु किए जाएंगे। इसकी प्रक्रिया चरणबद्ध रूप से प्रारम्भ कर दी गई है। यह जानकारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में स्थानीय सांसद बृजेन्द्र ओला की ओर से पूछे गए गए प्रश्न के जवाब में दी है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

हालांकि रेल मंत्री द्वारा दायर किए गए जवाब में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि झुंझुनूं संसदीय क्षेत्र में यह ओवर ब्रिज/ अंडर ब्रिज किन स्थानों पर बनाए जाएंगे। लेकिन सूत्रों से हासिल जानकारी के अनुसार यह माना जा रहा है कि उक्त चार प्रोजेक्ट में शहर में पुलिस लाइन फाटक पर अधूरा पड़ा ओवरब्रिज शामिल है।

वर्ष 2019 में हुआ था ओवरब्रिज का शिलान्यास


15 मार्च 2019 को पुलिस लाइन के पास रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज का शिलान्यास हुआ था। यह ओवरब्रिज करीब छह साल से अधूरा पड़ा है। जब भी ट्रेन आती है फाटक बंद हो जाता है। दोनों तरफ वाहनों की कतार लग जाती है। यह फाटक जयपुर से झुंझुनूं आने वाले मुख्य मार्ग पर बना है। शहर में सबसे ज्यादा वाहन इसी मार्ग पर चलते हैं। ऐसे में सबसे ज्यादा परेशानी भी इसी फाटक पर होती है। करीब 850 मीटर लम्बे इस ओवरब्रिज का कार्य 14 सितम्बर 2020 को पूरा था। यह अवधि भी निकल चुकी। मार्च 2025 चल रहा है। यदि अप्रेल में भी कार्य शूरू हो तो भी इस साल कार्य पूरा होना मुश्किल है।

दरअसल झुंझुनूं में पुलिस लाइन के नजदीक रेलवे ओवरब्रिज 10 साल पहले मंजूर हुआ था। रेलवे व राज्य सरकार की ओर से 50-50 फीसदी राशि देनी थी। बजट अनुपात को लेकर रेलवे ने अपने हाथ खींच लिए थे। 2021 से काम बंद पड़ा है।

सांसद ने लोकसभा में उठाए ये प्रश्न

सांसद बृजेन्द्र ओला ने लोकसभा में ये प्रश्न उठाया था कि रेलवे में पेंडिंग आरओबी व आरयूबी का ब्योरा क्या है? झुंझुनूं संसदीय क्षेत्र में कितनी योजनाएं निर्माणाधीन हैं? इनकी वर्तमान स्थिति व पूरा किए जाने की समय सीमा क्या है? कवच सुरक्षा प्रणाली के अंतर्गत कितनी लम्बाई को शामिल किया गया है? राष्ट्रीय रेल योजना 2030 की वर्तमान स्थिति क्या है।

रेल मंत्री अश्वनि वैष्णव ने जवाब दिया कि राजस्थान में रेल परियोजनाओं को गति प्रदान करने के लिए वर्ष 2025-26 के बजट में 9,959 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है। राजस्थान में 1 फरवरी 2025 तक 547 रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) व रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के कार्य 5213 करोड़ रुपए की लागत के साथ प्रगति पर हैं। झुंझुनूं में 4 रोड ओवरब्रिज के कार्य होने हैं।