झुंझुनूं में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रोहित गोदारा गैंग को फॉलो करने वाले 7 युवक गिरफ्तार
झुंझुनूं, जिले की पुलिस ने सोशल मीडिया पर कुख्यात रोहित गोदारा गैंग को फॉलो करने वाले सात युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय (IPS) के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) देवेंद्र सिंह राजावत (RPS) के मार्गदर्शन में की गई।नवलगढ़ वृताधिकारी राजवीर सिंह (RPS) के सुपरविजन तथा गोठड़ा थानाधिकारी हेमराज के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह संयुक्त अभियान चलाया।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर अपराधियों को फॉलो करने और उनके प्रचार-प्रसार में शामिल युवकों पर निगरानी रखी जा रही थी। फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए सक्रिय इन अकाउंट्स की पहचान कर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में विकास उर्फ बाजी मीणा, दीपक, कमल, दिनेश, दशरथ सिंह, गिरवर सिंह और भागीरथ सिंह को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी ताकि अपराधी तत्वों के सोशल मीडिया प्रचार पर अंकुश लगाया जा सके।
झुंझुनूं पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी गैंगस्टर या अपराधी से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स को फॉलो करने या उनकी पोस्ट्स को शेयर करने से बचें, क्योंकि यह अपराधी गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसा है।
