राष्ट्रीय एकता सप्ताह पर कव्वाली कार्यक्रम आयोजित
जिला प्रशासन और गांधी दर्शन समिति के तत्वावधान में हुआ कार्यक्रम
सलीम राजा रहे मुख्य आकर्षण का केन्द्र
झुंझुनूं 30 अक्टूबर। जिला प्रशासन और गांधी जीवन दर्शन समिति के संयुक्त तत्वाधान में शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर राष्ट्रीय एकता सप्ताह और आजादी के अमृत महोत्सव के तहत सर्वधर्म प्रार्थना सभा और कव्वाली का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलेक्टर उमरदीन खान ने की, वहीं चंचलनाथ के महंत ओमनाथ महाराज, कमरूदीन शाह दरगाह के गद्दीनशीन ऎजाज नबी, सुशील जैन, हाजी फारूक बतौर अतिथि शामिल हुए।
झुंझुनूं एसडीएम शैलेष खैरवा ने बताया कि कार्यक्रम के शुरू में आत्माराम जांगिड़ ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। इसके बाद वरिष्ठ पत्रकार माणक मोट मणि ने ऎ मेरे प्यारे वतन, जाकिर अब्बासी ने प्यारा वतन हमारा, जिला जनसम्पर्क अधिकारी हिमांशु सिंह ने मुसाफिर हूं यारों गीत की प्रस्तुति पर वाहवाही बटोरी। इसके बाद कव्वाल सलीम राजा ने छाप तिलक सब छीनी, ये हिन्दुस्तान हमारी जन्नत है, नकाब रूख से उठाया उठाकर छोड़ दिया सहित अनेक कौमी एकता पर कव्वाली पेश कर समां बांधा।
इस दौरान कार्यक्रम में गांधी जीवन दर्शन समिति के प्रतिनिधि मेहर सिंह कटारिया, एडीएम जगदीश प्रसाद गौड़, एएसपी विरेन्द्र कुमार, जिला सैनिक कल्याण अधिकार परवेज हुसैन, महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक विप्लव न्यौला, जिला अल्पसंख्क कल्याण अधिकारी मो. अनीश, तहसीलदार अजीत जानू, एलडीएम रतनलाल वर्मा समेत जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट जहीर मोहम्मद फारूकी, सीओ स्काउट महेश कालावत ने किया।




