REET में चप्पल से नकल का सरगना तुलसाराम गिरफ्तार:6 लाख की चप्पल मोबाइल, सैनेटरी पैड में छुपाने वाला डिवाइस भी बनाया था, पत्नी है RPS
बीकानेर. राजस्थान की सबसे बड़ी परीक्षा REET का पेपर लीक और नकल के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने चप्पल में डिवाइस लगाने वाले सरगना तुलसाराम कालेर को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह इंदौरिया ने पत्रकारों ने बताया कि सरगना तुलसाराम को जयपुर से एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया है. अब उससे आगे की पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है.तुलसाराम ने अपने रिश्तेदार के नाम पर जयपुर में किराये से फ्लैट ले रखा था.
बीकानेर पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर फ्लैट पर दबिश दी और तुलसाराम को गिरफ्तार कर लिया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शैलेंद्र सिंह ने बताया कि अब पुलिस तुलसाराम से गहनता से पूछताछ करेगी और इस बात का पता लगाएगी कि उसने किन-किन लोगों के की चप्पलों में डिवाइस लगाए और नकल करवाई.
तुलसाराम के पास मिले 4 दर्जन ब्लैंक चेक
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तुलसाराम को गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने फ्लैट से करीब 4 दर्जन से ज्यादा ब्लैंक चेक बरामद भी किए हैं. हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी तरह से इस मामले में और कोई खुलासा नहीं किया है. पुलिस पूछताछ के बाद ही आगे की कार्रवाई करेगी. इस मामले में पुलिस आने वाले दिनों में कुछ और लोगों की भी गिरफ्तारी कर सकती है.
कौन है तुलसाराम कालेर?
चाणक्य कोचिंग इंस्टीट्यूट का संचालक तुलसाराम कालेर चूरू जिले के रामपुर देवानी का रहने वाला है। वर्ष 1991 में पुलिस में भर्ती हुआ था। 1994 में हवाला के एक मामले में जब्त राशि अपने पास रखने के आरोप में बर्खास्त कर दिया गया। उसके बाद 2007 में उसने आरएएस का एग्जाम दिया। जिसमें 19वीं पोजीशन आई। वर्ष 2014 में वह अपने एक रिश्तेदार की जगह एसआई की परीक्षा देते हुए पकड़ा गया था। कालेर की पत्नी आरपीएस है। उसकी पोस्टिंग अजमेर में है। बीकानेर के पवनपुरी क्षेत्र में उसका निवास है। इंस्टीट्यूट फिलहाल बंद है। तुलसाराम ने एक पारी के पेपर के लिए अभ्यर्थियों से पांच से सात लाख रुपए के बीच में सौदा तय किया था। पता चला है कि तुलसाराम ने प्रदेशभर में 25 से अधिक लोगों को विशेष डिवाइस लगी चप्पल उपलब्ध कराई थी।
