Jhunjhunu News Breaking
झुंझुनूं के बगड़ में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी स्कॉर्पियो, दो युवकों की मौत, दो गंभीर घायल
झुंझुनूं: जिले के बगड़ तिराहे पर बुधवार देर रात करीब 1 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराई और फिर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
रात्रि गश्त कर रही 112 पुलिस टीम ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर तैनात 112 पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद थाना प्रभारी भी पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता लेनी पड़ी।
घायलों को जयपुर किया गया रेफर
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृतकों को स्कॉर्पियो से बाहर निकाला। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से बीडीके अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया। वहीं दोनों मृतकों के शव बगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
चालक राकेश की हुई पहचान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो चालक की पहचान राकेश निवासी कोलसिया, नवलगढ़ के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ चिड़ावा की ओर जा रहा था। बगड़ तिराहे के पास पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित हो गया और यह हादसा हो गया। हादसे में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे मृतक तथा दोनों घायलों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
एयरबैग नहीं खुलने का आरोप
मृतक राकेश के भाई नेमीचंद ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के दौरान स्कॉर्पियो के एयरबैग नहीं खुले, जिससे हादसा अधिक घातक साबित हुआ। हालांकि इस संबंध में पुलिस ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Jhunjhunu Road Accident, Bagad Road Accident, Scorpio Accident Jhunjhunu, Bagad Tiraha Accident, Jhunjhunu News, Rajasthan Road Accident, Breaking News Jhunjhunu, झुंझुनूं सड़क हादसा, बगड़ तिराहा हादसा, स्कॉर्पियो दुर्घटना।
