Jhunjhunu News फंदे पर लटका मिला युवक, शहर में फैली सनसनी
चिड़ावा शहर की पिलानी रोड स्थित जनाना तारत के सामने एक किराए के मकान में करीब 28 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान आनंद नायक पुत्र मधुसूदन नायक निवासी बगड़ के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार आनंद बीती रात ही अपने भाई के पास चिड़ावा आया था। उसका भाई यहां मजदूरी का काम करता है। युवक के भाई ने टिफिन सेंटर से उसके लिए खाना भिजवाया था।
जब टिफिन पहुंचाने वाला युवक कमरे पर पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। शक होने पर उसने खिड़की से अंदर झांककर देखा, जहां आनंद चूनरी के फंदे से हुक पर लटका हुआ मिला। यह देखकर वह घबरा गया और तुरंत नीचे स्थित वॉटर फिल्टर की दुकान संचालक व निवर्तमान पार्षद देवेंद्र सैनी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पार्षद सैनी ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर एएसआई ओमप्रकाश नरूका पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाकर उप जिला अस्पताल चिड़ावा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
