Jhunjhunu News बेटे ने मां की चाकुओं से गोदकर हत्या, पत्नी-बच्चों से अलग रहने के तनाव में था आरोपी
झुंझुनूं। नवलगढ़ कस्बे में कृषि मंडी के पास बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने कथित रूप से अपनी ही मां की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही नवलगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नवलगढ़ जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने और मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान राजवीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वारदात के समय वह नशे की हालत में था। हत्या करने के बाद उसने स्वयं अपनी बहन और बहनोई को घटना की सूचना दी।
जानकारी के अनुसार राजवीर के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। पिता के स्थान पर उसे PWD विभाग में अनुकंपा नियुक्ति मिली हुई थी। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी और बच्चे उससे अलग रह रहे थे, जिसके चलते वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने देर रात आरोपी राजवीर को हिरासत में ले लिया। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई की जा रही है और पुलिस परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
